गाजियाबाद। अमृतकाल की बेला के पहले केंद्रीय बजट में 25 से 50 साल की आधार शिला रखी गई है। केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष-2023-24 के बजट से हर वर्ग को लाभ मिलेगा। यह बातें बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विदेशों में मान बढ़ा है। यह बजट पूर्व की सरकारों से 9 गुना ज्यादा हैं। बुधवार को राजनगर सेक्टर-14/4 स्थित भाजपा के वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश गर्ग खादी वाले के आवास पर राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए बजट में 7 लाख की आय पर अब कोई टैक्स नहीं देना होगा। पूर्व की सरकारों से यह 9 गुना ज्यादा बजट हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 69 लाख करोड़ का बजट रखा गया है। इससे गरीबों के मकानों की जरूरत पूरी होगी। मेडिकल व नए नर्सिंग होम खुलेंगे। लखनऊ में आयोजित होने वाली 10 से 12 फरवरी तक ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट पर राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि उम्मीद है कि इस बार 22 लाख करोड़ से ज्यादा समिट मेंं निवेश के प्रस्ताव शामिल होंगे। हालांकि राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने इस दौरान शहर और जिले में पीडब्ल्यूडी के अधीन सड़कों के जर्जर होने पर पत्रकारों के सवालों के जवाब पर कन्नी काटते नजर आए। राज्यमंत्री ने कहा कि सात बिंदुओं पर यह बजट आधारित है। महिलाओं और बुजर्गों के लिए विशेष राहत दी गई है।

बजट में महंगाई से राहत और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देने से बचते नजर आए। मुरादनगर गंगनहर पटरी चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग के सवाल पर राज्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर जल्द निर्माण शुरू होगा। पेड़ों को काटने की परमीशन हो चुकी है। इसके निर्माण में अब कोई अड़चन नहीं आएगी। वहीं, रईसपुर-सदरपुर गांव मार्ग के जर्जर होने पर राज्यमंत्री ने कहा कि इस पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अधिकारी से वार्ता कर जल्द इसका निर्माण कराया जाएगा।

राज्यमंत्री ने एनएचएआई द्वारा हाइवे का निर्माण किए जाने पर पीडब्ल्यूडी विभाग की उपयोगिता के सवाल पर कहा कि सभी प्रोजेक्ट एनएचएआई द्वारा ही किए जा रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के पास भी बहुत सड़कें है। औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों के बदहाल होने पर उन्होंने कहा कि इनका निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी के अधीन है तो निर्माण कराया जाएगा। राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस की चौपाई पर की गई टिप्पणी पर कहा कि जैसे जिसकी सोच है वह उतना ही बोलेगा। राम हमारे आराध्य हैं, उनके बारे में टिप्पणी करने वाले खुद कैसे हैं वह देख लें।
वहीं सरसंघ चालक मोहन भागवत के पंडित वाले बयान पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि मराठी में पंडित विद्घान को कहा जाता है। यह बयान किसी जाति को लेकर नहीं था। राज्यमंत्री का महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा आदि ने बुके एवं पटका पहना कर उनका स्वागत किया। पत्रकार वर्ता में भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजितपाल त्यागी, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बलदेव राज शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता, सुशील गौतम, डॉ. वीरेश्वर त्यागी, वेद प्रकाश गर्ग खादीवाले, मीडिया संयोजक प्रदीप चौधरी, जयकमल अग्रवाल, अमित प्रताप सिंह, विनोद बिंदल, प्रतीक माथुर आदि की मौजूद रहें।
अमृतकाल के लिए विकसित अर्थव्यवस्था की बुनियाद रखने वाला बजट:
प्रदेश सरकार के पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि अमृतकाल के लिए विकसित अर्थव्यवस्था की बुनियाद रखने वाला बजट है। पत्रकारवार्ता के बाद राज्यमंत्री बृजेश सिंह जीटी रोड स्थित होटल वेस्ट व्यू में आयोजित भाजपा की प्रबुद्ध वर्ग के साथ बजट संगोष्ठी में पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास का एजेंडा नहीं है, बल्कि देश के लिए अगले 25 से 50 साल के लिए विकसित अर्थव्यवस्था की बुनियाद रखने वाला ब्लू प्रिंट हैं। उन्होंने बजट की सात प्राथमिकताएं भी गिनाई। इस दौरान महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक अतुल गर्ग,एमएलसी दिनेश गोयल, पूर्व महापौर आशु वर्मा, मयंक गोयल, जगदीश साधना,सरदार एसपी सिंह,राजेंद्र त्यागी, प्रदीप चौधरी, निवर्तमान पार्षद राजीव शर्मा आदि बड़ी संख्या में व्यापारी, अधिवक्ता, डॉक्टर, इंजीनियर आदि उपस्थित रहे।
















