पांच साल से स्थानीय लोग थे परेशान, उदय भूमि अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी खबर
फिलहाल स्थानीय लोग जल निकासी की समस्या से आगे भी होंगे परेशान
उदय भूमि ब्यूरो
अश्वनी शर्मा, बरेली। पिछले पांच साल से जल निकासी की समस्या से कालोनी के लोग त्रस्त हैं, जबकि नगर निगम अधिकारी व जन प्रतिनिधि मस्त हैं। स्थानीय लोगों ने दबंगों द्वारा नाली पाटे जाने की शिकायत कई बार लिखित रूप से म्युनिसिपल कमिश्नर, बरेली और शहर विधायक व मेयर से की थी। लेकिन अब तक कानों पर जूं तक नहीं रेंगी थी। लाख कोशिशों के बाद भी लोग बदबूदार पानी से भरी नालियों की बदबू से परेशान थे। यही नहीं, पानी में पनपने वाले मच्छरों के प्रकोप से भी लोग जूझ रहे थे। उदय भूमि अखबार ने जनता की इस समस्या को लगातार प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। जिस पर नगर निगम और महापौर उमेश गौतम ने अब जाकर गंभीरता दिखाई है। सोमवार से फिलहाल सड़क के दोनों तरफ नाली निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। 
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण में पीला ईंट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए पार्षद को इस पर ध्यान देना ज़रूरी है। पीला ईंट लगाने का मतलब है कि कुछ दिनों या महीनों में ही नाली का फिर से टूट जाना। लोगों की मांग है कि नाली में अव्वल ईंट लगाई जाए। फिलहाल नाली निर्माण के लिए पीला ईंट ही सड़क किनारे रखी है।
जल निकासी बड़ा सवाल-
बड़ा सवाल यह है कि सुरेश शर्मा नगर एक्सटेंशन पार्ट थर्ड में होली चौराहे से अरोड़ा के घर तक नाली निर्माण तो हो जाएगा। लेकिन जल निकासी की समस्या का समाधान होना मुश्किल है। क्योंकि पांच साल में कई बार जल निकासी को लेकर ही स्थानीय लोगों में आपसी कहासुनी हो चुकी है। नगर निगम के मानचित्र में होली चौराहे पर पुलिया और पानी निकासी के लिए एसएसबी इंटर कालेज की तरफ जाने वाली नाली में पीछे से आने वाली नाली को जोडऩा भी दर्शाया गया था। लेकिन कालोनी में रहने वाले कुछ दबंगों लोगों और ठेकेदार ने मिलकर होली चौराहे से एसएसबी इंटर कालेज की ओर नाली नहीं जुडऩे दी और ना ही होली चौराहे पर पुलिया निर्माण होने दिया। जिसको लेकर इस बार भी स्थानीय लोग आमने सामने आ सकते हैं। अब ऐसे में देखना यह होगा कि नगर निगम और महापौर जल निकासी की इस समस्या को सुलझाने के लिए आगे आएंगे या फिर पहले की तरह ही जल निकासी की समस्या को ऐसे ही हाल में छोड़ देंगे।
महापौर उमेश गौतम के आदेश पर नाली निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। होली चौराहे से अरोड़ा कोठी तक सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण कराया जाएगा। 
कहा कि नाली निर्माण में कोई समस्या आने की उम्मीद तो कम है, लेकिन होली चौराहे से आगे जल निकासी में समस्या आ सकती है। हालांकि महापौर उमेश गौतम के संज्ञान में यहां की स्थति की सारी तस्वीर साफ है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि समस्या को दूर किया जाएगा।
नरेश पटेल, पार्षद
वार्ड नंबर-65, बरेली
















