शिक्षकों को भी मिले स्पेशल कैश पैकेज: विनोद शर्मा

केंद्र सरकार कर्मचारियों को मिलेगा अवकाश यात्रा सुविधा में अनुमन्य किराये के बदले स्पेशल कैश पैकेज

उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ ने शिक्षकों को यह सुविधा देने की उठाई मांग

उदय भूमि ब्यूरो
बरेली। कोविड 19 महामारी के बाद लाकडाउन, परिवहन व होटल क्षेत्र की सुविधाओं में दिक्कत के कारण केंद्रीय कर्मचारियों द्वारा अवकाश यात्रा सुविधा का उपयोग नहीं कर पाने को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए अवकाश यात्रा सुविधा में अनुमन्य किराये के बदले मिलेगा स्पेशल कैश पैकेज प्रदान करने का निर्णय लिया है। जिस पर उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ ने भी शिक्षकों को भी इस सुविधा का लाभ देने की मांग की है। 
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के बरेली मंडल अध्यक्ष डा. विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि भले ही हम शिक्षक परिषद के कर्मचारी हैं। लेकिन उन्हें इस सुविधा से वंचित रखना सही नहीं है। उन्होंने कहा है कि इसको लेकर प्रांतीय टीम के सहयोग से शासन के सामने जल्दी ही शिक्षकों के हित की इस मांग को रखा जाएगा कि उन्हें भी ऐसी सुविधा दी जाए।
वहीं उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के बरेली जिला अध्यक्ष मानवेंद्र यादव का कहना है कि केंद्र सरकार शिक्षकों के हितों की अनदेखी कर रही है।

जब केंद्र सरकार के कर्मचारियों को गंतव्य स्थान तक जाने और वापस आने के लिए 6 हजार रुपये प्रति व्यक्ति की दर से डिम्ड किराया दिया जा रहा है तो कोराना महामारी के दौर से शिक्षक भी अछूते नहीं रहे हैं।
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिला महामंत्री तेजपाल मौर्य का 

कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों को दी जाने वाली इस सुविधा का हक शिक्षकों को भी है। लाकडाउन में उन्हें भी इस तरह की तकलीफ झेलनी पड़ी है। प्रांतीय स्तर पर इस मुद्दे को सरकार के सामने रखेंगे। मांग करने वालों में विनोद चौधरी, पंकज यादव, बीना शर्मा, अनुज कुमार शर्मा शामिल हैं।