लालकिले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में कोरोना की एंट्री रोकने के प्रयास, एडवाइजरी जारी

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर भी कोविड-19 (कोरोना वायरस) का असर देखने को मिल रहा है। सभी कदम बेहद सावधानी पूर्वक उठाए जा रहे हैं। लालकिले पर प्रस्तावित समारोह के मद्देनजर गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद वह समारोह को संबोधित करेंगे। ऐसे में कोरोना वायरस की एंट्री रोकने को प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय ने समारोह में शिरकत करने वाले अतिथियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस से 20 दिन पहले तक अतिथि को किसी भी प्रकार के कोरोना के लक्षण थे और उसकी जांच नहीं हुई अथवा जांच रिपोर्ट धनात्मक या अपुष्ट हो तो वह समारोह में शिरकत न करने पर विचार कर सकते हैं। कार्यक्रम स्थल में उचित दूरी बनाए रखने को चिन्ह भी बनाए गए हैं। आगंतुकों को इसका पालन करना होगा। बैठने की व्यवस्था के लिए नियंत्रक अधिकारी की तैनाती की गई है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद समारोह स्थल से बाहर निकलते समय भीड़ से बचने को तब तक बैठे रहना होगा जब तक नियंत्रक अधिकारी द्वारा चलने को नहीं कहा जाता। स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर देने वाले 350 पुलिस अधिकारियों को भी क्वारंटाइन में रखा गया है।

आईबी ने जारी किया अलर्ट

लालकिले पर खालिस्तान का ध्वज फहराने की साजिश का खुलासा होने पर आईबी ने अलर्ट जारी किया है। सिख फॉर जस्टिस मुहिम के आका गुरुवतपंत सिंह पन्नू ने 14, 15 और 16 अगस्त को लालकिले पर खालिस्तान का ध्वज फहराने वाले सिख को सवा लाख डालर देने की घोषणा की है। अमेरिका निवासी पन्नू इस घोषणा के जरिए सिख समाज को उद्वेलित करने की साजिश रच रहा है। पन्नू ने इस संबंध में वीडियो जारी किया है। आईबी के अलर्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।