देशभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 24 लाख, 47 हजार की जान गई

पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 67 हजार नए केस आए सामने

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 कोरोना वायरस का प्रकोप रूक नहीं पाया है। कोरोना मरीजों की संख्या 24 लाख से ज्यादा हो गई है। इसके अलावा कोरोना से अब तक 47 हजार से ज्यादा नागरिकों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में 67 हजार नए केस रिपोर्ट हुए हैं। कोरोना वायरस की रोकथाम एवं बचाव के उपाय नाकाफी साबित हो रहे हैं। देश में महामारी की रफ्तार कम होने की बजाए निरंतर बढ़ रही है। हालांकि बड़ी संख्या में मरीज स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं। देश में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 24 लाख से अधिक हो चुकी है। बुधवार को 56 हजार 383 मरीजों ने कोरोना को मात दी। कोरोना से औसत रिकवरी दर 70 फीसदी से ज्यादा हो गई है। इसके अतिरिक्त देशभर में एक दिन में सर्वाधिक 7 लाख 33 हजार 449 टेस्ट किए गए। मुंबई में बुधवार को 1 हजार 132 नए केस रिपोर्ट हुए। विभिन्न राज्यों में कोरोनरा का प्रकोप चरम पर है। आयुष मंत्री श्रीपद नाइक भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। नाइक ने खुद ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। उनके पहले गृहमंत्री अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान और अर्जुन मेघवाल भी संक्रमित हो चुके हैं। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडू आदि में कोरोना का प्रकोप कायम है। उधर, राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। वह मथुरा में कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। तबियत बिगड़ने पर उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। टेस्ट में वह पॉजिटिव पाए गए हैं।