नेक कदम : भारत ने चीनी सैनिक को लौटाया

भारतीय सीमा में आ गया था पीएलए का जवान

नई दिल्ली। भारत की सीमा में घुस आए चीनी सैनिक की सकुशल घर वापसी हो गई है। भारत ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिक को चीन के हवाले कर दिया है। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत चीन सैनिक को भेजा गया है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का सैनिक 19 अक्तूबर को अचानक भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया था। भारतीय जवानों को चीनी सैनिक को हिरासत में ले लिया था। पूर्वी लद्दाख के डेमचोक क्षेत्र से पीएलए के सैनिक ने भारत की सीमा में प्रवेश किया था।  भारतीय सेना की तरफ से बताया गया है कि चीनी सैनिक को चीन को सौंप दिया गया है। सेना ने बयान जारी कर कहा कि चीनी सैनिक को चिकित्सा सुविधाएं और ऑक्सीजन भी दी गई। इसके बाद मौजूदा प्रोटोकॉल के तहत चीनी सैनिक की वापसी की गई। मालूम पड़ा था कि एक चरवाहे को याक खोजने में मदद करते-करते चीनी सैनिक वांग या लोंग भारत की तरफ आ गए थे। चीनी सेना ने बयान जारी कर कहा कि कॉर्पोरल वांग या लोंग को बुधवार की सुबह चीन को सौंप दिया गया है। लद्दाख में मौजूद वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलओसी) को लेकर पिछले कुछ माह से भारत और चीन के बीच गतिरोध चल रहा है। तनाव को दूर करने को दोनों देश कई दौर की सैन्य बातचीत भी कर चुके हैं। इससे पहले सितंबर में चीन ने सीमा पार चले गए 5 भारतीय नागरिकों को भारत को सौंप दिया था। भारत का कहना था कि चीन की सीमा से सटे अरूणाचल प्रदेश के 5 युवक गलती से चीन की सीमा में चले गए थे। जिन्हें चीनी सेना ने हिरासत में ले लिया था। बाद में भारत द्वारा संपर्क किए जाने पर चीन ने उन्हें रिहा कर दिया था। हालांकि भारत-चीन के मध्य सीमा विवाद हल होता दिखाई नहीं दे रहा है।