उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को काले झंडे दिखाने पर सुर्खियों में आने वाले एवं प्रखर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी गुरूवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। टीवी न्यूज पर अपनी आवाज बेबाकी से रखने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी का गुरूवार को हिंडन नदी शमशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। राजीव को उनके पुत्र इंशात त्यागी ने उन्हें मुखाग्नि दी। राजीव त्यागी की लोकप्रियता के चलते हिंडन नदी पर उनके अंतिम दर्शन के लिए सभी राजनीतिक दल एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शमशान घाट पहुंचकर उन्हें श्रद्घासुमन अर्पित किए। बता दें कि बुधवार की शाम पांच बजे टीवी पर ऑनलाइन बाइट देते हुए उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। दिल का दौरा पडने के बाद पत्नी व बेटा उन्हें यशोदा अस्पताल लेकर गए थे। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए 5 मिनट तक प्रयास किया। मगर वह जीवित नहीं रह सके। राजीव त्यागी की आकस्मिक निधन होने की खबर मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। रात से ही उनके वसुंधरा सेक्टर-16 स्थित आवास पर अंतिम दर्शन करने वालों का तांता लग गया था। गुरूवार की सुबह उनकी शव यात्रा उनके निवास से आरंभ हुई। शवयात्रा के लिए बस को रथ का रूप दिया गया। बस पर स्वर्गीय राजीव त्यागी का बड़ा चित्र लगा हुआ था।

सुबह 11 बजे राजीव त्यागी का पार्थिव शरीर हिंडन नदी के तट पर लाया गया जहां विधिवत तरीके से उनका अंतिम संस्कार किया गया। राजीव त्यागी को श्रद्घांजलि देने के लिए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद कृष्णम, पूर्व एमएलसी नसीब पठान, पूर्व एमएलसी हरेंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, पूर्व विधायक सुरेन्द्र कुमार मुन्नी,कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेन्द्र भारद्वाज,क ांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष हरेन्द्र कसाना, पूर्व विधायक गजराज सिंह, सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक, सपा महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी, रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव वीरेन्द्र गुड्डू पवन शर्मा, नसीम खान, पार्षद राजेन्द्र त्यागी, कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक, रालोद नेता अमरजीत सिंह बिड्डी, चौधरी अजयवीर सिंह एडवोकेट, रविन्द्र चौहान, सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू, भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पप्पू पहलवान, सतपाल चौधरी,अनीस अहमद खान आदि सैकड़ों लोगों ने राजीव त्यागी को श्रद्घासुमन अर्पित किए।
















