उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने स्थलीय निरीक्षण किया
गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना को पूर्णं रूप से विकसित करने के लिए अब विकास कार्य तेजी से कराए जाएंगे। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने मधुबन-बापूधाम में बुनकर मार्ट के अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों समेत अन्य सड़क, एप्रोच रोड आदि कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने ओएसडी सुशील कुमार चौबे, चीफ इंजीनियर विवेकानंद सिंह, प्रभारी केशव राम, एई मनोज सागर आदि अधिकारियों की मौजूदगी में प्रस्तावित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जीडीए का पूरा फोकस अब मधुबन-बापूधाम योजना पर है। वहीं, जीडीए द्वारा एक समान मुआवजा न दिए जाने को लेकर वीरवार को ग्रामीण महिलाओं और पुरूषों ने जीडीए का काम रोक दिया। विरोध प्रकट करते हुए निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया। जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंंचे। मगर किसानों ने उनकी बात नहीं मानीं। महिलाएं धरना देकर बैठ गई। जीडीए द्वारा पांच गांवों की 1234 एकड़ जमीन मधुबन-बापूधाम योजना के लिए अधिग्रहण करनी हैं। इसमें 281 एकड़ जमीन को अधिग्रहण करने को लेकर किसानों का एक समान मुआवजे को लेकर धरना-प्रदर्शन जारी हैं। जीडीए के अभियंत्रण जोन के अलावा प्रवर्तन विभाग की टीम को लगाया गया है। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने मधुबन-बापूधाम योजना में कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना में प्रस्तावित सड़कों का निर्माण और विकास कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए। मधुबन-बापूधाम में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे है। जीडीए उपाध्यक्ष ने मौके पर ही नक्शा देखकर विकास कार्य कराने के निर्देश दिए ताकि मधुबन-बापूधाम को बेहतर तरीके से विकसित किया जा सके।
















