जीडीए समाधान दिवस: कई साल से परेशान आवेदकों की समस्या का निस्तारण

-समाधान दिवस में आए 18 प्रकरण में 16 का मौके पर निस्तारण

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) सभागार में सोमवार को आयोजित हुए समाधान दिवस में कई साल से परेशान आवेदकों की समस्या का मौके पर निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में सबसे अधिक म्यूटेशन के 16 मामले आए। जिनका तुरंत मौके पर ही निस्तारण कर दिया। जबकि आठ दिन के भीतर कुल 171 प्रकरणों का निस्तारण किया गया है। सोमवार को जीडीए सभागार में सुबह 10 बजे से दो बजे तक जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी की अध्यक्षता एवं ओएसडी सुशील कुमार चौबे, ओएसडी गुंजा सिंह आदि की मौजूदगी में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 18 प्रकरण आए।

इसमें सबसे अधिक म्यूटेशन की समस्या लेकर लोग पहुंचे। इसमें करीब आधे प्रकरण एक साल से लंबित पड़े थे। इन लोगों ने म्यूटेशन नहीं होने की समस्या अपर सचिव को बताई। मौके पर ही अपर सचिव ने उनकी फाइलें मंगाकर सभी दस्तावेजों की जांच की। बाबुओं से तुरंत उनकी समस्या का निस्तारण करने को कहा। इसके बाद उनकी समस्याएं तुरंत ही दूर कर दी गई। सोमवार को कुल 18 प्रकरण आए, जिसमें से 16 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। अपर सचिव ने बताया कि प्रत्येक सोमवार को समाधान दिवस लगाया जा रहा है। इसमें लोग अपनी समस्या का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 22 मई से लेकर 29 मई के बीच कुल 171 प्रकरणों का निस्तारण किया गया है।

एक साल से नहीं हो सका था म्यूटेशन:
पटेल नगर के रहने वाले योगेश का म्यूटेशन करीब एक साल से नहीं हो रहा था। सोमवार को समाधान दिवस में वह भी पहुंचे। उन्होंने अपर सचिव को अपनी समस्या बताई। इसके बाद अपर सचिव ने उनकी तुरंत फाइल मंगाई और उसे देखा। साथ ही बाबुओं का उनकी समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। मौके पर ही उनका म्यूटेशन कर दिया गया। जीडीए से संबंधित जिन लोगों का संपत्ति को लेकर कोर्ट में विवाद चल रहा है। वह लोग भी अपनी समस्या का समाधान कराने के लिए समाधान दिवस में पहुंच गए। अपर सचिव ने उन्हें साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि कोर्ट में मामले का निस्तारण होने के बाद ही जीडीए कोई कार्रवाई कर सकता है। वहीं, कोर्ट में एक पक्ष आदेश लाने वालों की समस्या काभी निस्तारण नहीं किया गया।