गाजियाबाद। मसूरी गंगनहर किनारे अवैध रूप से विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी वरदा एंक्लेव में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने बुलडोजर चलाकर सड़क,प्लॉट की बाउंड्रीवाल आदि को ध्वस्त कर दिया। जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई। सोमवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के प्रभारी एवं ओएसडी सुशील कुमार चौबे की अगुआई में सहायक अभियंता योगेश पटेल, अवर अभियंता योगेश कुमार वर्मा,परशुराम एवं जीडीए पुलिस व मसूरी थाने की पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि जोन क्षेत्र अंतर्गत मसूरी गंगनहर किनारे वरदा एंक्लेव के नाम से विलाल अली व रविंद्र सिंह द्वारा अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर प्लॉट की बाउंड्रीवाल, सड़क, बिजली खंबे व निर्माण को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान लोगों ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। शांतिपूर्ण तरीके से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।ओएसडी ने कहा कि अवैध कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अनाधिकृत रूप से काटी जा रही कॉलोनी में विकसित यूनिट,फ्लैट व कॉलोनी में काटे गए भूखंड का क्रय,विक्रय न करें। अन्यथा इन्हें तोड़े जाने के लिए खरीदार स्वयं जिम्मेदार होंगे।















