-शुक्रवार को वंसुधरा जोन में लगा चौपाल, सीवर और लाइट की लोगों ने रखी समस्या
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से सभी पांचों जोन में अलग-अलग दिन जन चौपाल लगाया जा रहा है। जन चौपाल के माध्यम से जनसमस्याओं को मौके पर निस्तारित किया जा रहा है। इसके अलावा जो बड़ी समस्याएं हैं उन्हें दूर करने के लिए योजना बनाई जा रही है। नगर निगम का जन चौपाल कार्यक्रम लोगों को काफी भा रहा है और अब लोग काफी सख्यां में भागीदारी कर रहे हैं। पूर्व में क्षेत्र के लोगों को निगम की संबधित समस्या के लिए निगम अधिकारी एवं पार्षदों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब उनकी समस्या का निदान उनके बीच जाकर ही किया जा रहा है। जिसकी लोग सरहना भी कर रहे है। वहीं निगम अधिकारी भी जन चौपाल में लोगों को स्वच्छता का भी पाठ पढा रहे है।
शुक्रवार को वसुंधरा स्थित पार्क में जन चौपाल आयोजित की गई। जन चौपाल में म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने पार्षदों और लोगों की समस्याएं सुनीं। म्युनिसिपल कमिश्रर ने सीवर की समस्या पर जलकल महाप्रबंधक बृजेश कुमार सिंह को मौके पर समस्या निस्तारण करने के लिए कड़े निर्देश दिए। कौशांबी के पार्क में जन चौपाल में म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने वार्ड-21 के पार्षद आनंद गौतम, वार्ड-72 के पार्षद मनोज गोयल, वार्ड-76 के पार्षद शिवानी गौरव सोलंकी, वार्ड-43 के पार्षद जयवीर राठौर एवं आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों की मौजूदगी में समस्याएं सुनीं। लोगों ने सीवर की समस्या, स्ट्रीट लाइट की समस्या, अतिक्रमण और अन्य मुद्दे रखे। कौशांबी में सीवर की समस्या का संज्ञान लेते हुए म्युसिपिल कमिश्रर ने जलकल महाप्रबंधक बृजेश कुमार सिंह और अवर अभियंता सोमेंद्र को तत्काल इस समस्या का समाधान करने का निर्देश दिए।
वहीं, पार्षद मनोज गोयल एवं पार्षद शिवानी सोलंकी, पार्षद मधु भाटी,राजकुमार भाटी आदि मौजूद रहे। कौशांबी थाना परिसर में मिशन शक्ति अभियान के तहत हेल्प डेस्क का लोकार्पण किया। म्युनिसिपल कमिश्रर के समक्ष पार्षद मनोज गोयल ने कौशांबी में सीवर की समस्या,कूड़े घर की समस्या,पार्क में माली की समस्या,आवारा पशुओं और सेक्टर-1 वैशाली में नाले की प्रमुख समस्या से अवगत कराया। इस दौरान एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा,चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, जलकल जीएम बृजेश कुमार सिंह, वसुंधरा जोनल प्रभारी सुनील कुमार राय आदि मौजूद रहे।
आगे बढ़ो लोग चलेगें साथ
नगर निगम के डस्ट फ्री गाजियाबाद अभियान को खूब सराहना मिल रही हैं और लोग इससे जुड़ रहे हैं। शुक्रवार को कमला गैस एजेंसी द्वारा नगर निगम गाजियाबाद का सहयोग करते हुए धूल मुक्त अभियान के लिए 500 थैले म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर को सौंपा गया। इस दौरान एजेंसी संचालक केके शर्मा के प्रतिनिधि अरविंद शर्मा, वार्ड-8 पार्षद राजेंद्र तितौरिया उपस्थित रहे।
















