यूनिटी रन, साइकिल रैली में जवानों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

2013 केदारनाथ हादसे में शहीद जवानों और अधिकारियों को दी श्रद्धांजलि

गाजियाबाद। कमला नेहरूनगर स्थित आठवीं बटालियन एनडीआरएफ में मनाए जा रहे पुलिस सर्विस फ्लैग डे में मंगलवार को को फ्लैग मार्च, यूनिटी रन के साथ साइकिल रैली का आयोजन किया गया। बटालियन परिसर से निकाली गई साइकिल रैली और यूनिटी रन में बटालियन के सैकड़ों जवानों ने भाग लिया।

यूनिटी रन में जवानों ने विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए देश की एकता का संदेश दिया। पहले बटालियन कमांडेंट पीके तिवारी ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर सभी पदाधिकारी और जवानों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। फिर उन्होंने यूनिटी रन और साइकिल रैली को रवाना किया।

बटालियन मीडिया प्रभारी वसंत पावडे ने बताया कि 2013 केदारनाथ दैवीय आपदा में लाखों लोगों की जान बचाकर केदारनाथ से वापस आते समय हेली क्रैश हादसे में शहीद हुए जवानों और अधिकारियों के घर जाकर श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों से भेंट की गई।

यूनिटी रन बटालियन से शुरू होकर हरसांव सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए बटालियन परिसर पर आकर समाप्त हुई। साइकिल रैली में भी जवानों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस मौके पर डॉ. जेके पांडेय, डॉ. अमित मुरारी, सीएमओ (एसजी) डिप्टी कमांडेंट आदित्य प्रताप सिंह, कुलीस आनंद समेत सभी पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।