बिना लाइसेंस रेस्टोरेंट पर पिला रहा था शराब, दो गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने बिना लाइसेंस रेस्टोरेंट में शराब पिलाने वाले संचालकों पर सख्ती बरतना शुरु कर दिया है। अवैध शराब की बिक्री, निर्माण व परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार चेकिंग एवं दबिश की कार्रवाई कर रही है। साथ ही समय-समय पर बिना लाइसेंस शराब परोसने एवं ओवर रेटिंग करने वालों को नियमों का पाठ पढ़ा रहा है। मगर आबकारी विभाग की नियमों की धज्जियां उड़ाने से कुछ रेस्टोरेंट संचालक आबकारी विभाग के राजस्व को चूना लगाने का काम कर रहे है। जिसके लिए आबकारी विभाग की टीम ने ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए जिले में विशेष अभियान शुरु कर दिया है। जिसमें आबकारी विभाग की टीमें एवं उनके मुखबिर जिले में घूम कर इसकी पुष्टि करेंगे, कि कहीं बिना लाइसेंस के शराब तो नहीं परोसी जा रही है और कोई दुकानदार ग्राहकों से ओवर रेटिंग तो नही कर रहा है। आबकारी विभाग की टीम ने एक ऐसे ही संचालक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। जो रेस्टोरेंट पर बिना लाइसेंस लिए ग्राहकों को शराब पिलाता था। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम ने दबिश दी और मौके पर संचालक को गिरफ्तार कर लिया।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 डॉ. शिखा ठाकुर की टीम ने शुक्रवार देर रात थाना फेज-2 नंगला चरण में स्थित रेस्टोरेंट कार्तिक फूड पर चेकिंग की। चेकिंग के दौरान रेस्टोरेंट पर अवैध रूप से ग्राहकों को शराब पिलाने की सूचना सहीं मिली। जब संचालक से लाइसेंस मांगा गया तो उसके पास लाइसेंस नहीं मिला। रेस्टोरेंट से 20 केन ट्यूबर्ग बरामद किया गया। टीम ने परविन्दर सिंह पुत्र बुद्ध प्रकाश निवासी नंगला चरणदास एवं राज प्रेम प्रसाद निवासी जैतपुर बदरपुर नई दिल्ली को गिरफ्तार किया गया। जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

वहीं आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-6 नामवर सिंह टीम द्वारा दाउदपुर, देवतासरकपुर, चागौली स्थित देशी शराब, विदेशी मदिरा, बियर की दुकानों एवं कैंटीन की गहनता से चेकिंग की गई। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया गया। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो साथ ही डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया जाए इसको भीं सुनिश्चित किया जा रहा हैं।