इमरान के मंत्री बोले, हमने कराया पुलवामा अटैक
नई दिल्ली। पाकिस्तान का आतंकी चेहरा फिर दुनिया के सामने आ गया है। पाक संसद में वीरवार को इमरान खान के मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में पाकिस्तान ने हमला कराया था। मंत्री ने इस कृत्य को इमरान सरकार की बड़ी उपलब्धि करार दिया। बड़बोले मंत्री ने इस हमले पर कहा कि हमने घर में घुसकर मारा था। बता दें कि विगत 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के दस्ते पर आतंकी हमले किया गया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। पुलवामा हमले पर अब पाकिस्तान का कबूलनामा सामने आ गया है। पाक के मंत्री फवाद चौधरी ने संसद में कहा कि ये हमला पाकिस्तान ने कराया था। उन्होंने इस हमले को इमरान सरकार की बड़ी उपलब्धि तक बता डाला। इसके अलावा पाकिस्तान के सांसद अयाज सादिक ने संसद में खुलासा किया कि इमरान सरकार ने खौफ में आकर भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को रिहा किया था। उन्होंने कहा कि अभिनंदन के पकड़े जाने के बाद प्रधानमंत्री इमरान खान और विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी खौफ में थे। कुरैशी ने यहां तक कहा था कि भारत पाकिस्तान पर हमला करने वाला है। इसलिए अभिनंदन को छोडऩा जरूरी है। बता दें कि पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर दी थी। एयर स्ट्राइक में 250 से ज्यादा आतंकवादी ढेर हो गए थे। उस समय दोनों देशों के बीच कई दिन तक तनाव कायम रहा था। आतंकवाद में पाकिस्तान की संलिप्तता के अनेक उदाहरण मिल चुके हैं। आतंकी प्रेम के कारण पाक को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद वह सुधरने को तैयार नहीं है। पाक सरपरस्त आतंकियों की वजह से अफगानिस्तान भी परेशान रहता है। नतीजन पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्ते अच्छे नहीं हैं। अमेरिका भी कई बार पाक को कड़ी नसीहत दे चुका है।















