धमकी : सोढ़ी के लाडले गोगी की जान खतरे में

तारक मेहता के कलाकार ने दर्ज कराई एफआईआर

मुंबई। छोटे पर्दे के लोकप्रिय धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा के चुलबुले किरदार गोगी यानि समय शाह की जान खतरे में है। उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। इसके बाद समय ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना 27 अक्तूबर की है। तारक मेहता का उल्टा चश्मा में समय शाह गोगी का किरादार निभाते हैं। अपने अभिनय से वह दर्शकों का खूब मनोरंजन करते नजर आते हैं। जान से मारने की धमकी मिलने पर समय शाह ने बोरीवली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। समय का बोरीवली में आवास है। घर से कुछ दूरी पर अज्ञात व्यक्ति ने समय शाह के साथ गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी व्यक्ति 2 बार पहले भी शाह के आवास के आस-पास देखा गया। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति 27 अक्तूबर को कुछ साथियों के साथ उनके घर के बाहर आ गया। आरोपी ने गाली-गलौच कर अभद्र व्यवहार किया। समय शाह का कहना है कि इसके पहले 2 बार उनके साथ इस प्रकार की घटना हो चुकी है। आरोपी ने अपार्टमेंट में प्रवेश करने के बाद वहां के नागरिकों से समय शाह के बारे में पूछताछ की। सुरक्षा गार्ड से भी समय की बावत जानकारी ली गई। उस समय वह शूटिंग खत्म कर घर लौट रहे थे। आरोपी ने शाह को धमकी देकर कहा कि काट डालूंगा, जो देखना है देख लूंगा। समय ने किसी के साथ विवाद की बात से साफ इंकार किया है। धमकी के बाद से समय शाह अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित नजर आए। हालांकि पुलिस ने उन्हें कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।