कौशांबी में टॉप स्पीड टेबल लगाएगा हादसों व रफ्तार पर ब्रेक

गाजियाबाद। कौशांबी में स्पीड ब्रेकर और तेज रफ्तार से होने वाले हादसों पर रोक लगाने के लिए स्पीड टेबल बनाए जा रहे हैं। ये स्पीड टेबल चिह्नित ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना बहुल) के आसपास जरूर बनाए जाएंगे। शनिवार को टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर का कार्य शुरू किया गया। निवर्तमान पार्षद डॉ मनोज गोयल ने कहा तेज रफ्तार वाहनों के चालकों को अक्सर स्पीड ब्रेकर नहीं दिखता है। यह भी हादसे का एक प्रमुख कारण है। इसे देखते हुए स्पीड टेबल बनाने का निर्णय लिया गया है। स्पीड टेबल की ऊंचाई सड़क से पांच-छह इंच अधिक होती है।

इसकी लंबाई पांच से छह फीट की होती है। इस पर सफेद रंग की पट्टी लगाई जाती है। ताकि लोगों को दूर से काली व सफेद पट्टी दिखने लगे और वह रफ्तार कम कर लें। अगर रफ्तार कम नहीं हो रही है तो भी बड़े हादसे नहीं होंगे। इस दौरान कारवां के अध्यक्ष नागेंद्र वर्गीय, कौशांबी चौकी इंचार्ज अमित सोनी, नगर निगम के जूनियर इंजीनियर संजय गंगवार, सुपरवाइजर तुलसी, समाजसेवी विनोद कुमार उपस्थित रहे।