-बकाएदारों से टैक्स की वसूली करने के लिए निगम ने की कार्रवाई तेज
गाजियाबाद। नगर निगम ने हाउस टैक्स के बकाएदारों से टैक्स की वसूली करने के लिए अब कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को अवकाश के दिन सभी पांचों जोन क्षेत्र एवं कार्यालय में कैंप लगाए गए। शिविर में हाउस टैक्स की 41 लाख 70 हजार 178 रुपए की वसूली हुई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के निर्देश पर लगाए गए शिविरों में टैक्स के बकाएदारों ने अपना हाउस टैक्स का बकाया जमा कराया। नगर आयुक्त ने पांचों जोनल प्रभारियों को निर्देश दिए कि हाउस टैक्स के बड़े बकाएदारों को टारगेट करते हुए वसूली की जाए।
जोनल प्रभारियों के नेतृत्व में अवकाश के दिन रविवार को पांचों जोन में कैंप लगाए गए। इस दौरान वसुंधरा जोन में सबसे अधिक 28.61 लाख 313 रुपए की वसूली हुई। जबकि विजयनगर जोन क्षेत्र में 89,500 रुपए की वसूली की गई। मोहननगर जोन क्षेत्र में 3.97 लाख 147 रुपए की वसूली की गई। सिटी जोन क्षेत्र में 1.89 लाख 669 की वसूली हुई। कविनगर जोन क्षेत्र में 6.23 लाख 549 रुपए की हाउस टैक्स की वसूली की गई। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा द्वारा इसकी मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है।
रोस्टर के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर जोन क्षेत्र में कैंप लगाया जाता है। नगर आयुक्त लगातार टैक्स की वसूली बढ़ाने के लिए टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार बैठक भी कर रहे हैं। ऐसे टैक्सदाता जिन्होंने संपत्ति टैक्स जमा नहीं किया है। उन्हें जमा करने की अपील भी की जा रही है। हाउस टैक्स के बड़े बकाएदारों को टारगेट करते हुए उनसे संपत्ति कर वसूलने के लिए अब कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत सभी पांचों जोनल प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में कैंप लगाकर वसूली कराई है।

















