-होटल, रेस्टोरेंट, फार्म हाउस, बार में अभियान चलाकर लाइसेंस लेने की दी हिदायत
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने और लोगों को जागरूकता पैदा करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत एक तरफ जिले में जहां दिल्ली व हरियाणा से आने वाले वाहनों को रोक कर तलाशी ली जा रही है। साथ ही उन्हें अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। बाहरी राज्यों की शराब भले ही सस्ती हो, मगर पकडऩे जाने पर सीधा हवालात पहुंचा सकती है। इसके अलावा आबकारी विभाग की टीम द्वारा बिना लाइसेंस के शराब पार्टी करने वाले संचालकों को भी चेतावनी दी जा रही है। जिससे संचालक अपने होटल, रेस्टोरेंट, बार व फार्म हाउस में बिना लाइसेंस के शराब पार्टी न करें।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार रात और रविवार को अवैध शराब के खिलाफ आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, रवि जायसवाल की टीम द्वारा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, सिरसा टोल, हरियाणा सेक्टर-135 फार्म हाउस और चेक प्वाइंट पर चेकिंग पर वाहनों को रोक कर चेक किया गया। साथ ही उन्हें अवैध शराब के खिलाफ जागरुक भी किया गया। जिससे बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोका जा सकें। इसके अलावा हरियाणा बोर्डर पर स्थित सेक्टर-135 फार्म हाउस में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। फॉर्म हाउस के मालिकों, केयर टेकर्स से संपर्क कर हरियाणा/दिल्ली प्रांत की मदिरा सेवन न किए जाने एवं बिना आबकारी विभाग से जारी समारोह बार लाइसेंस के मदिरा का उपभोग न किए जाने के संबंध में जागरूक किया गया।
साथ ही उनके आसपास होने वाली शराब तस्करी के लिए आबकारी विभाग से संपर्क करने के लिए भी कहा गया। इसके अलावा आबकारी निरीक्षकों द्वारा डाबरा स्थित देशी ,विदेशी, बीयर दुकानों एवं कैंटीन की गहनता से चेकिंग की गई। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया गया। चेकिंग के दौरान दुकानों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। साथ ही विक्रेताओं को चेतावनी दी गई कि नियमानुसार ही शराब की बिक्री करें। दुकानों पर आने वाले ग्राहकों से शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक की डिमांड न करें और उनसे अभद्र व्यवहार भी न करें।
साथ ही दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग सहित संचालित हो रही है कि नहीं इसे भी चेक करते रहे। पॉश मशीन और ऑनलाइन माध्यम से ही ज्यादा से शराब की बिक्री करें। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब के खिलाफ टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही दुकानों के आसपास भी रात में अभियान चलाकर चेकिंग की जा रही है। जिससे शराब की दुकानों के आसपास मौजूद अन्य दुकानों से होने वाली शराब तस्करी को रोका जा सकें। अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार आगे भी जारी रहेगा।


















