उपकर संग्रह पोर्टल के माध्यम से सेस के हो सकेंगे भुगतान: अनुराग मिश्र

-बिल्डर एसोसिएशन क्रेडाई के सदस्यों, ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों को दी गई जानकारी

गाजियाबाद। बिल्डरों से लेकर निर्माणकर्ताओं अन्य लोगों द्वारा सेस का श्रम विभाग को भुगतान अब पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा। लोहिया नगर स्थित श्रम विभाग कार्यालय में उप श्रम आयुक्त अनुराग मिश्र ने अपने कार्यालय में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण परामर्शदात्री समिति के सदस्य राजनाथ सिंह की उपस्थिति में उपकर संग्रह पोर्टल के माध्यम से सेस के भुगतान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यालय में आयोजित गोष्ठी में उप श्रम आयुक्त अनुराग मिश्र ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से सेस का भुगतान हो सकेगा। इस सेस पोर्टल के संबंध में किसी असुविधा के लिए उपस्थित बिल्डर एसोसिएशन क्रेडाई के सदस्यों, ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों आदि को मोबाइल नंबर-9125797729 की जानकारी दी गई। उन्होंने अवगत कराया कि सेस संबंधी सभी कार्य जैसे धनराशि जमा करना, शिकायत आदि उक्त पोर्टल के माध्यम से किए जा सकेंगे।

इससे सुविधाजनक और पारदर्शी व्यवस्था बनेगी। ट्रेड यूनियन के सदस्यों व एसोसिएशन पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पात्र श्रमिकों को अधिक से अधिक संख्या में लाभ दिलाने व जागरूक करने में सहयोग प्रदान किया जाए। क्रेडाई के अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने आश्वस्त किया कि एसोसिएशन एक सप्ताह के अंदर जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से सेस पोर्टल की व्यवस्थाओं और योजनाओं के लिए पात्र श्रमिकों के रजिस्ट्रेशन के लिए व्यापक अभियान चलाने में श्रम विभाग के अधिकारियों को सहयोग प्रदान किया जाएगा। ट्रेड यूनियन पदाधिकारियों को अवगत कराया कि ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर श्रमिक में जिनकी मृत्यु 31 मार्च 2022 से पूर्व किसी दुर्घटना में हो गई या दिव्यांग हो गए हैं। उनके लिए एक्स ग्रेशिया मॉड्यूल के अंतर्गत 2 लाख  रुपए तक की सहायता दी जानी है। ऐसे पात्रों का श्रम कार्यालय में आवेदन कराए जाए।

गोष्ठी में क्रेडाई के अध्यक्ष गौरव गुप्ता, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार, प्रताप सिंह एटक, श्रीकृष्ण, किशोर कुमार, जल निगम निर्माण खंड-2 के नीरज शर्मा, कपिल शर्मा, संदीप चौहान, राजेन्द्र आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक श्रम आयुक्त वीरेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। उप श्रम आयुक्त ने इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से कुछ लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर उन्हें प्रोत्साहित किया। उप श्रम आयुक्त अनुराग मिश्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष-2023-24 में विभिन्न योजना अंतर्गत जनपद के 538 लाभान्वित श्रमिकों को 3,57,67,858 रुपए का भुगतान किया गया है। जनपद में कुल 3,21,790 श्रमिक पंजीकृत हैं।