गाजियाबाद। विकास भवन में मृदा रहित बागवानी को बढ़ावा देने के लिए वर्टिकल गार्डन लगाया गया है। वर्टिकल गार्डन में कम स्थान में लोग अपने घरों में हरे शॉक और फूल आदि उगा सकते हैं। विकास भवन के कॉरिडोर में स्थापित वर्टिकल गार्डन का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने किया। जिला उद्यान विभाग ने वर्टिकल गार्डन का डिजाइन कराया है। सीडीओ ने वर्टिकल गार्डन की फोटो लेकर अपने एक्स हेंडल पर साझा किया।
हाईड्रोपोनिक्स तकनीक पर विकसित वर्टिकल गार्डन में बिना मिट्टी व कम से कम पानी में हरे शाक, फूल आदि उगाए जा सकते हैं। वर्टिकल गार्डन का इस्तेमाल करके लोग अपने घरों में सलाद में इस्तेमाल होने वाली शाक व सब्जियां उगा सकते हैं। इस विधि से उगाई जाने वाली सब्जियों के लिए किसी प्रकार के रासायनिक खाद आदि की दरकार नहीं होती है। सेहत के लिए अधिक लाभकारी होती है। आने वाले दिनों में इस प्रकार के वर्टिकल गार्डन अन्य स्थानों पर भी लगाए जाने की योजना हैं।
















