केन्द्रीय राज्य मंत्री ने किया एनसीआर के लिए शहीद भगत सिंह सेवा दल की एम्बुलेंस सेवा का उद्घाटन

गाजियाबाद। कोरोना काल के दौरान उल्लेखनीय सेवा करने वाले शहीद भगत सिंह सेवा दल द्वारा शुक्रवार को एनसीआर में एम्बुलेंस सेवा देने के लिए सनसिटी, डासना में पार्किंग स्थल का उद्घाटन किया गया है। इसका उद्घाटन दल के चेयरमैन पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी की उपस्थिति में केन्द्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह व विश्व हिन्दू परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने संयुक्त रुप से किया। इस मौके पर क्षेत्र में 105 फीट ऊँचा तिरंगा झंडा भी लगाया गया।
जनरल वीके सिंह ने कहा कि कोरोना काल के दौरान सेवा दल की मानवीय सेवाओं को भुलाया नहीं जा सकता है। एम्बुलेंस पार्किंग सेवा से इस क्षेत्र के लोगों को आकस्मिक सहायता के लिए एम्बुलेंस, शव वाहन, डेडबाडी फ्रिज व हाईवे पर दुर्घटना की स्थिति में तत्काल मदद मिल सकेगी।

आलोक कुमार ने जितेंद्र सिंह शंटी की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि लोगों को देहदान के लिए भी आगे आकर लोगों की मदद करनी चाहिए, इसके लिए संस्था में अपना नाम पंजीकृत करा सकते हैं। सेवा दल के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह शंटी ने कहा कि कोरोना के दूसरे दौर में उन्होंने जो भयंकर हालात देखे थे, उनका वर्णन नहीं किया जा सकता है। वह और उनकी पूरी टीम परिवार के साथ लोगों की मदद कर रही थी, लगभग बाइस हजार लोगों को मदद व साढ़े चार हजार मृतकों का संस्कार उनकी टीम ने किया। जिनका साथ उनके परिवार वालों ने भी छोड़ दिया था। ऐसे में बहुत से लोगों द्वारा इस मानवता के कार्य में महत्त्वपूर्ण योगदान भी किया गया।

पार्किंग से लगभग पच्चीस एम्बुलेंस द्वारा क्षेत्र में पुलिस, प्रशासन व सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से यह सेवा निरन्तर चलती रहेगी। उन्होंने वेव ग्रुप वन के चेयरमैन राजिन्दर सिंह चड्ढा का पार्किंग के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। इस मौके पर दल द्वारा जनरल वीके सिंह, आलोक कुमार, राजिन्दर सिंह चड्ढा व अन्य प्रमुख सहयोगियों का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सरदार एसपी सिंह, गगनदीप सिंह, कवलजीत सिक्का, जगमीत सिंह, जितेंद्र सिंह सोनू, मनीष पाल सिंह, रमनदीप वालिया, प्रीत पाल खोसला, रविन्दर सिंह जौली, मनोज गौड़, मनजीत सेठी, जसबीर सलूजा, रमन मिगलानी, भूपेन्द्र कालरा, जसमीत सिंह मोदी नगर, अमनदीप सिंह आदि मौजूद रहे।