-10 दिन में 47.62 करोड़ लक्ष्य करें पूरा: विक्रमादित्य सिंह मलिक
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा बकाएदारों से हाउस टैक्स की शत-प्रतिशत वसूली करने के लिए अब तेजी से वसूली की जाएगी। शुक्रवार को कैंप कार्यालय पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पांचों जोनल प्रभारियों व टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। नगर आयुक्त ने अगले 10 दिन में हाउस टैक्स के रूप में 47.62 करोड़ रुपए की वसूली करने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा अब तक करीब 173 करोड़ रुपए की वसूली की जा चुकी है।
31 दिसंबर तक वसूली को बढ़ाने के लिए सभी पांचों जोन को लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत इन 10 दिनों में 31 दिसंबर तक 47.62 करोड़ रुपए की टैक्स वसूली करनी हैं। नगर आयुक्त ने जोनल प्रभारियों को प्रोत्साहित करते हुए 31 दिसंबर तक का यह लक्ष्य दिया है। इसके तहत विजयनगर जोन क्षेत्र से 5 करोड़,वसुंधरा जोन से 14.23 करोड़, मोहन नगर जोन को 7.76 करोड़, कविनगर जोन-7.42 करोड़ एवं सिटी जोन को 13.21 करोड़ रुपए हाउस टैक्स की वसूली करने का टारगेट दिया गया हैं।
नगर आयुक्त ने शहर में प्लास्टिक मुक्त अभियान को तेज करने के भी निर्देश दिए। शहर में अब तक पॉलिथीन जब्त कर जुर्माने के रूप में 16 लाख की वसूली की गई है। इसे बढ़ाने के लिए प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण को जिम्मेदारी दी गई है। शहर में स्वास्थ्य विभाग, जोन की टीम और प्रवर्तन दल की टीम मिलकर पॉलीथिन मुक्त अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेगी। नगर आयुक्त नगर निगम की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। इसको लेकर लगातार जोनल प्रभारियों एवं टैक्स अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी कर रहे हैं। उन्होंने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ.संजीव सिन्हा को निर्धारित समय तक हाउस टैक्स वसूली बढ़ाने पर ध्यान देने के निर्देश दिए है।

















