-विजयनगर जोन में निगम की टीम ने जब्त किया 5 क्विंटल प्लास्टिक
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ और सुंदर व प्लास्टिक फ्री बनाने के लिए नगर निगम वृहद स्तर पर अभियान चला रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक पर सरकार द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद एक बार फिर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर स्थानीय लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। वहीं नगर निगम की अपील के बाद भी दुकानों में चोरी-छिपे प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों पर जुर्माना वसूलने एवं सील करने की कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा जोनल टीम, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा प्रवर्तन दल को कड़े निर्देश जारी किए हैं। जोनल प्रभारी की देखरेख में शुक्रवार को विजयनगर जोन में बड़ी कार्यवाही की गई। जिसमें लगभग चार से पांच क्विंटल पॉलिथीन को जब्त करते हुए जुर्माना लगाया गया।
जुर्माना न भरने की दशा में संबंधित दुकान को सील भी किया गया। अन्य जोन में भी इसी प्रकार पॉलिथीन मुक्त अभियान को लेकर तेजी दिखाई गई है। विजयनगर के जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए अभियान तेजी से चल रहा है। जिसके क्रम में नियमानुसार कार्यवाही करते हुए सेक्टर-9 विजयनगर में प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। जिसके क्रम में जय लक्ष्मी स्टोर से लगभग 5 क्विंटल प्लास्टिक को जब्त करते हुए जुर्माना लगाया गया। नगर निगम के सभी जोन को मिलाकर लगभग 65000 जुर्माना पॉलिथीन मुक्त अभियान के दौरान वसूला गया।
जोन वार वसूला गया जुर्माना
विजयनगर जोन सेक्टर 9 विजय नगर के बजारी क्षेत्र में अभियान चलाते हुए लगभग 9000, वसुंधरा जोन के वसुंधरा सेक्टर-15, वैशाली सेक्टर 4 और 5 में अभियान चलाते हुए 22500, सिटी जोन घंटाघर के आसपास 2000, मोहन नगर जोन राजेंद्र नगर मार्केट एरिया में अभियान चलाते हुए 17000, कविनगर जोन में सेक्टर 10 राज नगर एवं एल्ट मुख्य मार्ग के आसपास अभियान चलाते हुए 16000 की वसूली की गई।
शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में करें सहयोग

नगर आयुक्त
बाजारों पर रोज हजारों लोग सामान खरीदने आते हैं। गिने चुने लोग ही अपने साथ थैला लेकर आते हैं। ज्यादातर लोग पॉलीथिन में सब्जियां लेकर जाते हैं और बाद में पॉलीथिन कचरा में फेंक देते हैं। यदि दुकानदार पॉलीथिन रखना बंद कर दें तो सब्जी लेने वाले घर से थैला लेकर आएंगे। इससे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम हो जाएगा। विक्रेताओं को भी शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में नगर निगम का सहयोग करें। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम तत्परता से अपनी कार्यवाही को पूरा कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा शहर वासियों से शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील की गई। बाजार जाते समय या कोई भी सामान खरीदते समय अपना थैला अपने साथ रखें। कपड़े का बना हुआ थैला इस्तेमाल करें, पॉलिथीन इस्तेमाल न करें। सभी व्यापारियों से भी अपील की गई है कि वह सिंगल यूज प्लास्टिक का पूर्णत बहिष्कार करें, शहर के माननीय नागरिकों से, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की गई है।

















