-लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया ईवीएम का निरीक्षण
गाजियाबाद। आगामी आम लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियों को अमला जामा पहनाया जाने लगा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आईएएस अधिकारी नवदीप रिणवा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) व वीवीपैट का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि हमारी मशीनरी जब कार्य करती है तभी सही आंकड़े सामने आते हैं। उन्होंने मतदाताओं के फार्म-6,7 व 8 के लिए घर-घर सर्वे कराए जाने के निर्देश दिए। इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर किया।
वहीं, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उन्हें गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया।इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया।उन्होंने बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह,मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल,उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव,एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, एडीएम सिटी गंभीर सिंह,एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह आदि एसडीएम व भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी,बहुजन समाज पार्टी,सीपीआई (एम) एवं आम आदमी पार्टी के प्रतनिधि भी उपस्थित रहे। इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बैठक करते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देशित किया कि अंग्रेजी में भरे सभी फार्म को हिंदी में भी भरा जाए। साथ ही अन्य जिलों से संबंधित पहचान पत्रों के फार्म व 80 वर्ष की आयु से ज्यादा के मतदाताओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।मतदाता सूची में नाम जुड़वाने,स्थान परिवर्तन के लिए फार्म-6,7 व 8 के लिए घर-घर सर्वे कराया जाए। मतदाताओं के पहचान पत्र बनाते समय उनकी फोटो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रदेश स्तर पर लंबित फार्मों का जल्द निस्तारण कर दिया जाएगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के दौरान सभी फार्म के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए निर्देश दिए। बैठक के समापन पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी का आश्वस्त किया कि दिए गए दिशा-निर्देशों का पूर्ण गुणवत्ता से पालन किया जाएगा। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, एडीएम एलए श्याम अवध चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट शुभांगी शुक्ला, एसडीएम, तहसीलदार आदि मौजूद रहे।


















