-28 साल के पड़ाव में हुई बेहतर प्रगति: प्रवीण सूद
गाजियाबाद। कमला नेहरूनगर स्थित सीबीआई एकेडमी में बुधवार को स्थापना दिवस मनाया गया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक प्रवीण सूद ने कहा कि 28 वर्षों के पड़ाव के दौरान अकादमी ने बेहतर प्रगति की है। उन्होंने सराहना करते हुए सीबीआई ने बेहतर तरीके से काम किए। देश और विदेश के 5000 से अधिक अधिकारियों ने वर्ष-2023 के दौरान 90 पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षण लिया है। जांच अधिकारियों को प्रशिक्षण देने एवं उनके पेशेवर कौशल में उत्कृष्टता बढ़ाने के लिए 28 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार 10 जनवरी सीबीआई परिसर में 29वां स्थापना दिवस मनाया।मुख्य अतिथि के रूप में सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद रहे। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि सीखने को एक सत्त आदत बनाने की आवश्यकता है। सीबीआई के अधिकारी एवं अकादमी द्वारा प्रशिक्षित लोग अपने चुनौतीपूर्ण कार्य में एक पायदान आगे रहे। इसे यादगार बनाने के लिए अकादमी के खेल परिसर में एक दिवसीय एथलीट मीट का आयोजन किया गया। इसमें सीबीआई अकादमी के कर्मचारियों,प्रशिक्षुओं एवं उनके परिवार के सदस्यों ने भाग लिया।
इस दौरान विशेष निदेशक अजय भटनागर,अपर निदेशक संपत मीना,अपर निदेशक मनोज शशिधर एवं पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र,जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह सहित सीबीआई और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समापन समारोह में सीबीआई अकादमी के स्टाफ सदस्यों एवं प्रशिक्षुओं द्वारा एक जीवंत परेड आयोजित की गई। सीबीआई अकादमी ने इंटरपोल ग्लोबल अकादमी नेटवर्क के 10वें सदस्य के रूप में जुड़कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। वर्ष-2023 में सीबीआई अकादमी ने कई विषयों पर ऑनलाइन,ऑफलाइन तरीके से लगभग 90 पाठ्यक्रमों के माध्यम से भारत एवं विदेशों की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के 5000 से अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।इसके अतिरिक्त,क्षमता निर्माण आयोग के राष्ट्रीय मानकों के तहत सीबीआई अकादमी को अति उत्तम के रूप में मान्यता दी गई है। जो देश में किसी भी संस्थान के लिए पहली मान्यता है।
समारोह का समापन सीबीआई के निदेशक प्रवीण सूद ने सीबीआई अधिकारियों को पदक वितरण के साथ किया। सीबीआई अकादमी की स्थापना 10 जनवरी 1996 को हुई थी। 28 वर्षों की अवधि के दौरान,उत्कृष्टता का केंद्र बनने की ओर सीबीआई अकादमी ने जांच के क्षेत्रों में अधिकारियों, अभियोजन, सतर्कता, राज्य पुलिस अधिकारियों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के अधिकारियों के प्रशिक्षण उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान किया। सीबीआई में सिपाही से लेकर पुलिस उप-अधीक्षक तक विभिन्न स्तरों पर सीधे भर्ती किए गए अपने अधिकारियों,प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में शामिल होने वाले वरिष्ठ अधिकारियों, विधि अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षित करती है। इसके अतिरिक्त अपने अधिकारियों व अन्य सरकारी अधिकारियों ,विभागों, पीएसयू आदि की विभिन्न सेवाकालीन पाठ्यक्रम भी संचालित करती है। वैश्विक प्रसार ग्लोबल फुट प्रिंट के रूप में अकादमी आईटीईसी एवं ई-आईटीईसी योजना के तहत विभिन्न देशों के अधिकारियों के लिए विदेशी पाठ्यक्रम भी आयोजित करती है।

















