गाजियाबाद। डीएम राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रतिदिन कार्यालय में बैठ कर लोगों की समस्याएं सुनने और उनके निस्तारण करने की है। विभिन्न कार्यालयों व क्षेत्र में जाकर भी व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है। सभी अधीनस्थ अधिकारी भी सुबह 10 बजे से कार्यालय में बैठ कर समस्याएं सुनेंगे। दोपहर बाद अधिकारी फील्ड में जाकर कार्यों की प्रगति की जमीनी हकीकत परखेंगे। जन शिकायतें को लेकर दर्जनों की संख्या में आये लोगों ने डीएम को अपनी शिकायतें लिखित रूप में दी।
डीएम ने क्रमवार सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम प्रतिदिन अपने कार्यालय में समस्याएं सुनते हैं और समाधान के लिए मातहतों को त्वरित दिशा-निर्देश भी जारी कर रहे हैं। जनता के प्रति जिलाधिकारी की सुलभता से मातहत भी जवाबदेह बन रहे हैं। जिस स्तर पर समस्या का समाधान होना है, यदि फरियादी वहां से लौट रहे हैं तो यह संबंधित अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल है। अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आये हुए प्रार्थियों ने डीएम का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया।
















