स्वच्छ तीर्थ अभियान: नगर आयुक्त ने मुख्यालय में चलाया महा सफाई अभियान

-टीम को स्वच्छता के प्रति किया मोटिवेट, वार्डों में हटाये गार्बेज पॉइंट

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए चलाए जा रहे स्वच्छ तीर्थ अभियान के तहत सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नगर निगम मुख्यालय के बेसमेंट खुद महा सफाई अभियान चलाया। यहां पर सफाई करने वाली टीम को स्वच्छता के प्रति प्रोत्साहित भी किया। वहीं, वार्डों से कूड़ा डलावघर भी हटाए गए। इसमें पार्षदों ने भी सहयोग किया। नगर आयुक्त के निर्देशन में शहर में सार्वजनिक स्थलों,सरकारी कार्यालय भी स्वच्छ एवं सुंदर किए जा रहे है।

नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन की टीम स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता अभियान चला रही है। मुख्य मार्गों से लेकर वार्डों की आंतरिक सड़कों पर वृहद सफाई अभियान जारी हैं। नगर आयुक्त खुद ही साफ -सफाई की मॉनिटरिंग कर रहे है। नगर आयुक्त ने नगर निगम मुख्यालय के बेसमेंट में बनाए जा रहे कंट्रोल रूम स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलवाया। मौके पर उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि अधिकारी भी उपस्थित रहे।इसी प्रकार जोनल कार्यालयों में भी विशेष सफाई अभियान जोनल प्रभारियों की देखरेख में चल रहा है।

वार्डों में पार्षदों द्वारा सफाई कराई गई।सफाई मित्रों का विशेष सहयोग किया गया। शहरवासियों को स्वच्छता तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से सफाई मित्रों का सहयोग करने की अपील भी की है। स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की र्ग। यह अभियान वार्ड-80, लाजपत नगर, वार्ड-84 राजनगर सेक्टर-10 मार्केट, वार्ड-94, वार्ड-95 कैला भट्टा, प्रेम नगर, प्रताप विहार, विजय नगर,चंद्रनगर, वसुंधरा व अन्य क्षेत्र में सफाई अभियान चलाते हुए जन-जन को सूखा कचरा अलग तथा गीला कचरा अलग-अलग करने की अपील भी की गई।