प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम ने बाजारों में की छापेमारी

-मोहन नगर जोन में 60 हजार जुर्माने के साथ 2 क्विंटल पॉलिथीन जब्त

गाजियाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक से स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान के मद्देनजर जब्ती अभियान के तहत सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार टीम द्वारा बाजारों में कार्रवाई की गई। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूक करने और चेतावनी देने के बाद नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दौरान विभिन्न दुकानदारों से दो क्विंटल पॉलिथीन को कब्जे करते हुए 60 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम की टीम लगातार रोस्टर अनुसार प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है। नगर निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण, स्वास्थ्य विभाग की टीम,जोनल प्रभारी आरपी सिंह मिलकर अभियान चला रहे हैं।

इसी क्रम में सोमवार को मोहन नगर जोन के अंतर्गत वृहद स्तर पर अभियान चलाया गया। जिसमें मार्केट एरिया में जाकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही कई स्थानों पर पॉलिथीन जब्त भी की गई। मोहन नगर जोन के गरिमा गार्डन क्षेत्र में मार्केट एरिया में नगर निगम की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। 120 माइक्रोन के नीचे कैटेगरी की प्लास्टिक मिली, जिसको जब्त करते हुए जुर्माना वसूला गया। कर्नल दीपक शरण ने बताया नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार प्रतिबंधित प्लास्टिक की रोकथाम के लिए शहर में कार्यवाही लगातार चल रही है। अभियान के तहत मोहन नगर जोन में कार्यवाही की गई।

जिसमें लगभग दो क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त किया गया और 60 हजार जुर्माना भी वसूला गया। दुकानदारों एवं पटरी व्यापारियों से भी प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए अपील की गई। काफी हद तक सुधार भी देखने को मिल रहा है कि बाजारों में लोग भी अपना थैला लेकर सामान लेने के लिए आ रहे हैं। महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में गाजियाबाद को पूर्णत: प्लास्टिक मुक्त करने की तैयारी चल रही है। व्यापारी वर्ग भी नगर निगम का विशेष सहयोग कर रहा है। नगर निगम सीमा अंतर्गत जन जागरूकता अभियान से घर-घर से प्रतिबंधित प्लास्टिक को हटाया जा रहा है।