6 नवंबर से रोजाना श्रमिक कल्याण योजना का होगा प्रचार

गाजियाबाद। श्रम विभाग दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों के कल्याण के बनाई गई योजनाओं का प्रचार प्रसार सार्वजनिक स्थानों पर करेगा। इसके लिए 6 नवंबर से विभाग द्वारा पांच गाडिय़ां विभिन्न स्थानों पर जाकर श्रमिक कल्याण से संबंधित योजनाओं के बारे में लोगों को बताएगी। उप श्रम आयुक्त राजेश मिश्रा ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा दैनिक मजदूरों एवं श्रम कारों के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही हैं। लेकिन इसकी जानकारी कम लोगों को है। 6 नवंबर को लोहिया नगर स्थित कार्यालय से पांच प्रचार वाहनों को रवाना किया जाएगा। यह वाहन 1 सप्ताह तक जिले के निर्माण स्थलों लेबर अड्डा एवं ऐसे स्थानों पर जाकर प्रचार करेंगे, जहां श्रमिकों या ऐसे लोगों का निवास होता है। उन्होंने बताया कि श्रमिक योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए पिछले 15 दिनों में लगभग 3000 श्रमिकों का पंजीयन किया गया और लगभग 1000 श्रमिकों के पंजीकरण का नवीनीकरण किया गया। इन श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं से लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग वेल्डिंग का काम करने वाले बढ़ाई रोलर चलाने वाले राजमिस्त्री लोहार सड़क बनाने वाले मिक्सर चलाने वाले पुताई का काम करने वाले इलेक्ट्रिक का काम करने वाले हथोड़ा चलाने वाले टाइल्स लगाने वाले चट्टान तोडऩे वाले स्प्रे वर्क करने वाले जैसे श्रमिकों के लिए विभिन्न योजनाएं चला रहा है। इन योजनाओं के अंतर्गत मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, मेधावी छात्र पुरस्कार योजना, संत रविदास शिक्षा सहायता छात्रवृत्ति योजना, कौशल विकास तकनीकी उन्नयन योजना,आवासीय विद्यालय योजना, कन्या विवाह अनुदान योजना, आवास सहायता योजना, महात्मा गांधी पेंशन योजना, गंभीर बीमारी सहायता योजना जैसे योजनाओं द्वारा इन श्रमिकों का कल्याण कर रहा है और आगे भी विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए सहायता जारी रहेगी।