नगर निगम के अभियान को रफ्तार देने के लिए नगर आयुक्त ने बनाई रणनीति

-जोनल स्तर पर कार्यवाही के लिए अधिकारियों से की वार्ता
-अभियान के दौरान प्रवर्तन एवं पुलिस बल के साथ-साथ जन सहयोग भी लें अधिकारी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान को रफ्तार देने के लिए गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान, कचरा पृथक्करण अभियान, अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान, प्रात: कालीन सफाई व्यवस्था अभियान, टैक्स वसूली के लिए सीलिंग का अभियान, सी एंड डी वेस्ट हटाने का अभियान व इसके अलावा अनेकों जन जागरूकता अभियान को लेकर की जा रही कार्यवाही की रिपोर्ट परखी और आगामी कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई। नगर आयुक्त द्वारा बैठक में चल रहे अभियानों को वृहद स्तर पर कार्यवाही करते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। रोस्टर के क्रम में अभियान सभी क्षेत्रों में चल रहा है। जिसमें अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को प्रतिदिन कार्य की रिपोर्ट के अनुसार आख्या प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं कचरा पृथक्करण को लेकर कार्यवाही तेज करने के लिए कहा। जिसमें एसबीएम टीम का सहयोग लेने के लिए भी निर्देश दिए।

नगर निगम सीमा अंतर्गत शहर वासियों को जागरूक करते हुए कई अभियान चल रहे हैं। जिसमें डोर टू डोर से लेकर मुख्य चौराहों पर जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विद्यालयों में भी जन जागरूकता अभियान देखने को मिले, जिसमें शहर हित में लगातार शहर वासियों को जागरूक किया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को प्रवर्तन एवं पुलिस बल के जन सहयोग लेने के लिए भी निर्देश दिए हैं। जन सहभागिता से शहर हित में कार्य करना सरल है। योजना बनाते हुए बेहतर कार्य करने के लिए कहा गया। बैठक में समस्त विभागीय अधिकारी तथा जोनल स्तर की टीम उपस्थित रही। बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, वंसुधरा जोनल प्रभारी सुनील राय, विजय नगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी, टी.एस. महेंद्र सिंह अहिरवार, आशुतोष गुप्ता, संजय, राम शंकर वर्मा, संतोष कुमार, रामबली पाल आदि मौजूद रहे।

अवैध अतिक्रमण के खिलाफ निगम ने 2.75 लाख का वसूला जुर्माना
नगर आयुक्त के निर्देश के बाद शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। जिसमें अवैध अतिक्रमण के खिलाफ निगम का बुलडोजर चला। इसी क्रम में विजयनगर में भी गुरुवार को जोनल प्रभारी के नेतृत्व में प्रवर्तन दल की टीम ने अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। जिसमें निर्माण सामग्री को मौके से हटाते हुए 2 लाख 75 हजार का जुर्माना भी वसूला गया।

विजयनगर जोन के अकबरपुर बहरामपुर में कई बिल्डरों द्वारा निर्माण सामग्री को सड़क पर फैलाया हुआ था। मौके पर विजयनगर जोन की टीम पहुंची, जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी, निर्माण विभाग जेई एसके सरोज द्वारा कार्यवाही करते हुए निर्माण सामग्री को दो दिन में हटाने की चेतावनी दी। मौके पर जुर्माना वसूला गया। दुकानदारों द्वारा अवैध अतिक्रमण भी किया हुआ था, जिसको मौके पर हटा दिया गया। निगम की कार्यवाही पर आसपास की जनता द्वारा बताया गया कि काफी समय से अवैध रूप से निर्माण सामग्री को सड़कों पर फैलाकर बेचने का कार्य किया जा रहा था। जिससे आवागमन में भी सुविधा रहती थी, साथ ही प्रदूषण भी फैला था।

निगम की टीम ने जब्त की 420 किलो पॉलिथीन
प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम द्वारा चौधरी मोड़ स्थित मार्केट एरिया में ठेले पर जा रही प्रतिबंधित प्लास्टिक को रोककर चेक किया गया। जिसमें 420 किलो पॉलिथीन पाई गई। नगर निगम की टीम ने मौके पर जब्त कर लिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम की टीम वृहद स्तर पर कार्यवाही करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान के तहत कार्य कर रही है। जिसमें रोस्टर के अनुसार सभी जोन में कार्यवाही चल रही है।

सिटी जोन के अंतर्गत मार्केट एरिया में सभी व्यापारियों से दुकानदारों से पॉलिथीन के बैग इस्तेमाल न करने के लिए भी अपील की जा रही है और कपड़े की थैली इस्तेमाल करने के लिए कहा जा रहा है। प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए लगातार नगर निगम जन-जन को जागरूक भी कर रहा है। चौधरी मोड़ पर 420 किलो पॉलिथीन का प्राप्त होना बहुत ही गंभीर है। व्यापारियों व अन्य दुकानदारों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का बहिष्कार करने के लिए अपील भी की गई है।