शराब बंदी के दिन राशन कि दुकान की आड़ में बेच रहा था शराब

-आबकारी विभाग की टीम ने दबोचे दो शराब तस्कर, अवैध शराब बरामद

गौतमबुद्ध नगर। अयोध्या में सोमवार को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर शहर में उत्सव का माहौल है। भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा पर्व पर जनपद में शराब की सभी दुकानें बंद है। दुकान बंद होने का फायदा उठाने और मुनाफा कमाने के लिए शराब तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। भले ही जनपद में शराब की दुकानें बंद रही हो, लेकिन जिले में किसी भी प्रकार की शराब बिक्री न हो इसके लिए आबकारी विभाग की टीमें पूरी तरह से मुस्तैद नजर आई। साथ ही शराब तस्करों पर नजर रखने के लिए आबकारी विभाग का मुखबिर तंत्र भी पूरी तरह से सक्रिय दिखाई दे रहा है। आबकारी विभाग की टीम ने दो ऐसे ही शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। जो शराब बंदी का फायदा उठाकर मुनाफा कमाने के लालच में शराब तस्करी कर रहे थे, मगर आबकारी विभाग की सक्रियता के चलते तस्कर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सकें।

दरअसल शराब तस्करों ने सोचा जिले में आज के दिन शराब की दुकानें बंद है तो आबकारी विभाग की सख्ती भी कम होगी, उसी का फायदा उठाकर तस्करों ने एक दिन पहले ही लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीद कर स्टॉक कर लिया था। जैसे ही सोमवार सुबह की शुरुआत हुई तो शराब तस्करी शुरु कर दी। पकड़े गया एक तस्कर परचून (राशन) की दुकान करता है, जो परचून की दुकान की आड़ में शराब तस्करी का कारोबार कर रहा था। शराब तस्करी के लिए शराब पर भी अन्य व्यक्ति लाकर देता था और यहां बेचने के लिए रख देता था।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा पर्व पर सोमवार को जनपद में सभी शराब की दुकानें पूरी तरह से बंद है। बंदी के दिन किसी प्रकार की तस्करी न हो इसके लिए टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग अभियान और शराब तस्करों के ठिकानों पर भी दबिश दी गई। सोमवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 चन्द्रशेखर सिंह की टीम को सूचना मिली की थाना सूरजपुर स्थित साकीपुर ग्राम में एक व्यक्ति परचून की दुकान में अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। जहां मौके पर कृष्ण पाल पुत्र चरण सिंह निवासी ग्राम साकीपुर शराब तस्करी करते हुए पाया गया, जिसके कब्जे से देशी शराब ट्विन टावर के  42 पव्वे बरामद किया गया। पूछताछ में पता चला कि कृष्ण पाल को रोहित नाम का व्यक्ति तस्करी के लिए शराब लाकर देता था।

सोमवार को जनपद में शराब की दुकान बंद होने पर उक्त शराब पर अंकित मूल्य से दो गुना अधिक दामों में बेचकर मुनाफा कमा रहा था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। साथ ही रोहित के खिलाफ भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं आबकारी निरीक्षक सेक्टर-7 आशीष पाण्डेय की टीम ने भी थाना इकोटेक तृतीय स्थित जलपुरा पानी की टंकी के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे मुसब्बिर हसन पुत्र सैयद हसन निवासी वार्ड नंबर-9 जलपुरा को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से देशी शराब ट्विन टावर के 38 पव्वे बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर मजदूरी का काम करता था। जो दिन में मजदूरी और शाम को शराब तस्करी का कारोबार करता था। सोमवार को शराबबंदी होने के कारण उक्त तस्कर ने एक दिन पहले ही लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब खरीदकर घर में स्टॉक कर लिया था। उक्त शराब को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमा रहा था। उन्होंने बताया अवैध शराब के खिलाफ टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दिल्ली व हरियाणा बॉर्डर पर भी वाहनों की चेकिंग बढ़ा दी गई है। जिससे किसी भी प्रकार बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोका जा सकें।