-सीलिंग की कार्रवाई से बचने के लिए बकायेदारों ने जमा किए 50 लाख
गाजियाबाद। गृहकर न जमा करने वाले बकाएदारों के खिलाफ नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। गृहकर न जमा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नगर निगम ने रणनीति तैयार कर ली है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बड़े बकायेदारों की सूची पर काम करना शुरू कर दिया है। जिसमें नोटिस जारी करने के बाद भी बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जिसके लिए आगामी सप्ताह में कार्रवाई के लिए रणनीति के तहत सीलिंग की कार्रवाई में तेजी होगी। लोगों की सहूलियत के लिए अवकाश दिवस में भी कैंप लगाया जा रहा है। जिससे लोगों को टैक्स जमा करने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
नगर निगम के पांचो जोनो में चलाए गए अभियान के तहत सीलिंग की कार्रवाई से बचने के लिए लोगों ने 50 लाख रुपए जमा किए। वसुंधरा जोन से 27 लाख, विजयनगर से 2 लाख, कविनगर जोन से 6, मोहन नगर जोन से 10 लाख, सिटी जोन से 5 लाख की वसूली हुई। वसुंधरा जोन के अंतर्गत बनाना ट्री, महागुन मॉल, मोहन नगर के अंतर्गत मोहम्मद इदरीश, जेएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल, विक्रम एनक्लेव शालीमार गार्डन, विजयनगर जोन के अंतर्गत सतपाल यादव, आदर्श पब्लिक स्कूल प्रताप विहार सिटी जोन के अंतर्गत कुसुम नगर और बसंत पब्लिक स्कूल हरबंस नगर, कवि नगर जोन के अंतर्गत सन्नो देवी शास्त्री नगर, विनायक फार्म हाउस अवंतिका पर भी कार्यवाही होगी। अन्य सरकारी कार्यालय पर भी बकाया की सूची नगर आयुक्त द्वारा मांगी गई है। नगर निगम हाउस टैक्स वसूली को लेकर गंभीरता से अभियान के रूप में कार्य कर रहा है। जिसमें प्रतिदिन निगम की आय बढ़ रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक शहर हित में लगातार निगम की आय बढ़ाने पर जुटे हुए है।















