14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस: वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम कर्मचारियों को दिलाई मतदान की शपथ

गाजियाबाद। 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गुरूवार को मेरठ रोड स्थित श्रीराम पिस्टन एंड रिंग्स कंपनी में मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उद्यमियों से लेकर श्रम विभाग समेत अन्य विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान वोट जैसा कुछ नहीं,वोट जरूर डालेंगे हम थीम पर जागरूकता अभियान भी चलाया। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशों के क्रम में जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान 800 से अधिक कर्मचारी मौजूद रहे।

उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्र ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कर्मचारियों को मतदान की शपथ दिलाई। Óसब काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दोÓ का उद्घघोष भी कराया। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों द्वारा उत्साह के साथ मतदान से संबंधित स्लोगन का उद्घघोष किया गया। वहीं,कार्यक्रम में मतदान की प्रतिज्ञा के साथ हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया और कर्मचारियों के मध्य एक स्लोगन प्रतियोगिता भी कराई गई। जिसमें कारखाना विभाग कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

उप श्रम आयुक्त अनुराग मिश्र ने कर्मचारियों को मतदान की महत्ता से अवगत कराते हुए स्वयं और आसपास के सभी लोगों से आगामी लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान की अपील की गई। श्रीराम पिस्टन एंड रिंग्स कंपनी के कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष कमल नयन शर्मा, अमरजीत, राजवीर सिंह, सुखपाल सिंह आदि द्वारा उत्साहपूर्वक मतदान की प्रतिज्ञा के लिए कर्मचारियों से मतदान से संबंधित नारों का उद्घोष कराया गया। कर्मचारियों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक किया गया। सहायक श्रम आयुक्त वीरेंद्र कुमार ने कविता एवं स्लोगन के माध्यम से मतदान के लिए जागरूक किया।

वोट डालने चलो रे साथी, लोकतंत्र के बनो बाराती का सभी कर्मचारियों से उद्घोष कराया गया। कारखाना प्रबंधक संजय कुमार मिश्रा द्वारा कर्मचारियों को मतदान के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन कमल कुमार, यतेंद्र कुमार जैन, सुधांशु सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कारखाना प्रबंधन की ओर से होर्डिंग, बैनर, स्टैंडी, स्लोगन हैंड आउट आदि की व्यवस्था की गई। उप श्रम आयुक्त ने सभी कर्मचारियों और प्रबंधन अधिकारियों के साथ अंत में राष्ट्र गान कर कार्यक्रम का समापन किया।