-30 हजार की शराब ने 3 रईसजादों को पहुंचाया जेल, 10 लाख की लग्जरी कार सीज
-ऑन डिमांड सोसायटी में करते थे हरियाणा शराब की तस्करी, ऑर्डर मिलते ही लग्जरी कार से होती थी तस्करी
गौतमबुद्ध नगर। लग्जरी कार से हरियाणा की सस्ती शराब महंगे दामों में बेचने वाले तीन रईसजादों को आबकारी विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए रईसजादे लग्जरी कार से हरियाणा की सस्ती शराब ग्रेटर नोएडा में ऑन डिमांड तस्करी करते थे। पकड़ी गई शराब की कीमत भले ही लगभग 30 हजार की हो, मगर उक्त शराब को बेचकर कम से कम वह एक बार में 30 हजार रुपए अतिरिक्त कमा लेते थे। पकड़े गए तस्कर जिले में संचालित शराब की दुकान बंद होने के बाद ही उक्त शराब को बेचते थे। जिसमें उन्हें मुंह मांगे दाम मिल जाते थे। पूछताछ में पता चला कि तस्कर शराब तस्करी में लग्जरी कार का उपयोग इसलिए करते थे, क्योंकि लग्जरी कार को देख पुलिस भी चेकिंग करने से गुरेज करती थी। जिसका फायदा इन रईसजादों को मिला जाता है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई ने इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। 30 हजार कमाने के चक्कर में रईसजादे जेल की हवा खाने को तो मजबूर ही है, साथ ही 10 से 12 लाख की कार भी गवा बैठे। बताया जा रहा है कि ग्रेटर नोएडा एवं नोएडा की सोसायटी से डिमांड मिलने के बाद ही तीनों गाड़ी लेकर हरियाणा निकल पड़ते थे, क्योंकि ग्रेटर नोएडा का एरिया हरियाणा बॉर्डर से सटा हुआ है। 1000 रुपए का तेल खर्च कर हरियाणा की सीमा में पहुंच कर महंगी शराब की बोतल गाड़ी में भर लेते और सोसायटी में ऑन डिमांड महंगी शराब की सप्लाई करते थे।
आबकारी विभाग की रणनीति अब शराब तस्करों पर भारी पड़ती नजर आ रही है। बाहरी राज्यों से शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ मुखबिर तंत्र पूरी तरह से सतर्क नजर आ रहा है। भले ही तस्करी बाहरी राज्यों से शराब लेकर गौतमबुद्ध नगर की सीमा में प्रवेश कर लें, लेकिन तस्करी से पहले उन्हें उनकी सही जगह भेजने के लिए आबकारी विभाग की टीम पूरी तरह से तैयार नजर आ रही है। दरअसल आबकारी विभाग का मुखबिर तंत्र सिर्फ गौतमबुद्ध नगर की सीमा में ही एक्टिव नहीं, बल्कि गौतमबुद्ध नगर की सीमा से सटे हरियाणा व दिल्ली बॉर्डर भी एक्टिव है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया अवैध शराब के खिलाफ जिले में लगातार छापेमारी एवं दबिश की कार्रवाई की जा रही है। रविवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि मारूति सियाज कार में तीन युवक हरियाणा से शराब लेकर नोएडा व ग्रेटर नोएडा में सप्लाई के लिए आने वाले है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही, रवि जायसवाल, आशीष पाण्डेय की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा थाना सेक्टर-63 पुलिस के साथ सेक्टर 63 स्थित एच ब्लॉक पर घेराबंदी करते हुए वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। तभी मुखबिर द्वारा बताई गई गाड़ी आती हुई दिखाई दी, पुलिस को देख आरोपी ने गाड़ी रोक दी और भागने का प्रयास करने लगे। टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर ही दबोच लिया। जब युवकों से गाड़ी तलाशी लेने के लिए कहा गया तो पहले रौब झाड़ने लगे। मगर जब गाड़ी की डिग्गी की तलाशी ली गई तो गाड़ी के अंदर से रेड लेवल की 24 बोतल और ब्लैक लेबल की 12 बोतल हरियाणा मार्का बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान स्वागत मोदी पुत्र स्व: परमानंद मोदी निवासी महावीर एनक्लेव न्यू दिल्ली, अशोक कुमार पुत्र अनोख सिंह चौहान निवासी सेक्टर-63 गौतमबुद्ध नगर, गौरव कुमार पुत्र राजेश सिंह निवासी बी ब्लॉक सूर्य नगर गाजियाबाद के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि अशोक कुमार नोएडा व ग्रेटर नोएडा की हाई प्रोफाइल सोसायटी से महंगे शराब का ऑर्डर लेता था और अपने दिल्ली निवासी स्वागत मोदी व अन्य साथी के साथ मिलकर हरियाणा से शराब तस्करी कर ऑन डिमांड सप्लाई करता था। आरोपी हर तीसरे दिन अपनी लग्जरी कार से हरियाणा जाते और डिमांड अनुसार महंगी शराब गाडी में भर लेते थे। बरामद शराब की कीमत हरियाणा में करीब 29 हजार की है, मगर उक्त शराब को वह नोएडा व ग्रेटर नोएडा में महंगे दामों में बेचकर करीब एक बार में 60 हजार रुपए कमा लेते थे। तस्करी से आए रुपयों से अपने महंगे शौक पूरा करते थे। मगर इस बार की तस्करी तस्करों को इतनी महंगी पड़ेगी, कभी सोचा नहीं था। 30 हजार कमाने के चक्कर में तस्करों ने 10 से 12 लाख कीमत की कार से भी हाथ धो बैठे। आबकारी विभाग की टीम ने तस्करी में बरामद कार को सीज कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी ने चेतावनी दी है कि बाहरी राज्यों की शराब हो या फिर यूपी की शराब अगर किसी भी गाड़ी में तस्करी में प्रयोग की गई तो उक्त को सीज कर दिया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ में कई और जानकारी मिली है, इनके साथ और कितने लोग है, जो अवैध शराब का कारोबार करते है। उनकी जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जा रही है।
बिना लाइसेंस के शराब परोसना ढाबा संचालक को पड़ा भारी
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस के शराब परोसने वाले संचालक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया संचालक आबकारी विभाग के राजस्व को चूना लगाते हुए बिना लाइसेंस के ढाबे पर ग्राहकों को खाने के साथ शराब पिलाने की भी व्यवस्था देता था। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया रविवार रात को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 डॉ. शिखा ठाकुर द्वारा थाना फेज 2 स्थित भंगेल अवाना टिंबर मार्केट में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान ढाबे पर कुछ लोग शराब का सेवन करते हुए पाए गए।
जब ढाबा संचालक जगमोहन पुत्र राम प्रकाश निवासी ग्राम मंगरौली पोस्ट कला निधौली जिला एटा से शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा गया तो दिखाने में असमर्थ नजर आया। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। ढाबे पर चेकिंग के दौरान 2 पव्वे खाली रायल स्टैग, 9 केन किंगफिशर बीयर , 7 खाली केन किंगफिशर बरामद किया गया। उन्होंने आबकारी निरीक्षक को निर्देश दिए की रात में भी अभियान चलाकर इसी तरह सड़क पर खुले ढाबों पर चेकिंग की जाए और उन्हें चेतावनी दी जाए बिना लाइसेंस के शराब का सेवन करने पर सीधा जेल भेजा जाएगा। अगर ढाबे पर शराब पिलाना है तो आबकारी विभाग से लाइसेंस ले लें, नहीं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















