हाथरस कांड : फिर घटनास्थल पर पहुंची सीबीआई

-पीड़िता के घर पर जाकर भी परिवार से पूछताछ की

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चर्चित हाथरस कांड की सीबीआई जांच अभी पूरी नहीं हो सकी है। सीबीआई की टीम शुक्रवार को फिर घटनास्थल पर पहुंची। टीम के साथ पीड़ित परिवार के कुछ सदस्य भी मौजूद रहे। जांच टीम घटनास्थल पर गहनता से छानबीन कर रही है। पीड़िता की मां और भाई से भी पूछताछ की गई। सीबीआई तीसरी बार घटनास्थल पर पहुंची है। क्राइम सीन को जांच एजेंसी पुन: रीक्रिएट कर रही है। साथ में पीड़िता की मां और भाई भी मौजूद रहे। इससे पहले सीबीआई की टीम डीएसपी सीमा पाहूजा के नेतृत्व में पीडि़त परिवार के घर पूछताछ के लिए पहुंची थी। इसके पहले 2 बार जांच एजेंसी घटनास्थल का मौका-मुआयना कर चुकी है। सीबीआई लाई डिटेक्शन टेस्ट कराना चाहती है। जांच एजेंसी अभी तक पीड़ित परिवार, ग्रामीणों, आरोपियों के परिवार और आरोपियों से पूछताछ कर चुकी है। सीबीआई ने पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों से जरूरी जानकारी प्राप्त की थी। पीड़िता के बड़े भाई ने दावा किया कि सीबीआई ने पूछा कि संभवत: आपने अपनी बहन को मारा हो। इस पर मैंने कहा कि मैं क्यों मारूंगा ? पीड़िता के बड़े भाई ने बताया कि 2 दिन पहले वह सीबीआई के पास गए थे। उन्होंने पूछा कि आप झूठ-सच का टेस्ट करा लेंगे। हमने इससे इंकार कर दिया। लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए सीबीआई की तरफ से कहा गया, मगर पीड़ित परिवार ने इंकार कर दिया। हालांकि बाद में सीबीआई ने पीड़िता के बड़े भाई से वॉयस सैंपल लिया है। बता दें कि सितम्बर में हाथरस में कथित गैंगरेप के बाद 21 वर्षीय युवती की हत्या कर दी गई थी। दलित युवती की हत्या से सूबे में सियासी बवाल मच गया था। इस प्रकरण की जांच अब सीबीआई कर रही है। पीड़ित परिवार जहां लाई डिटेक्टर टेस्ट का विरोध कर रहा है, वहीं आरोपी इसके लिए तैयार हैं।