फिल्म पठान में जल्द दिखाई देगी यह जोड़ी
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और सलमान खान की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। दोनों नामचीन कलाकार जल्द फैंस का मनोरंजन करेंगे। चर्चा है कि शाहरुख की बहुप्रतिक्षित फिल्म पठान में सलमान खान भी कैमियो रोल में दिखाई देंगे। फिल्म की शूटिंग शीघ्र आरंभ होने को है। अभिनेता शाहरुख खान और सलमान खान की जोड़ी को एक साथ देखने के लिए फैंस हमेशा उत्सुक रहते हैं। कुछ फिल्मों में इस जोड़ी ने खूब धमाल मचाया है, मगर लंबे समय से यह जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ दिखाई नहीं दी है। फैंस का यह इंतजार जल्द समाप्त होने वाला है। खबर है कि शाहरुख और सलमान एक साथ स्क्रीन शेयर करने वाले हैं। चर्चा है कि फिल्म पठान में सलमान खान भी कैमियो रोल में नजर आएंगे। किंग खान यानि शाहरुख काफी समय से पर्दे पर नजर नहीं आ रहे हैं। शाहरुख के अपकमिंग प्रोजेक्ट के विषय में भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है, मगर बॉलीवुड के गलियारों में खबर जोरों पर है कि शाहरुख अब बड़े पर्दे पर वापसी के लिए शूटिंग शुरू कर देंगे। मुंबई मिरर की रिपोर्ट में कहा गया है कि शाहरुख की फिल्म पठान में सलमान कैमियो रोल करेंगे। मुंबई में यशराज फिल्म्स स्टूडियो में शाहरुख अपनी आगामी फिल्म पठान की शूटिंग करेंगे। सिद्धार्थ आनंद की फिल्म पठान की शूटिंग अंधेरी, मुंबई में यशराज फिल्म्स स्टूडियो में आरंभ की जाएगी। इस फिल्म में शाहरुख एक्शन सीन करते दिखाई देंगे। इससे पहले सलमान खान ने शाहरुख की फिल्म जीरो में भी कैमियो रोल किया था। बड़े पर्दे पर दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया जाता है। सलमान ने शाहरुख की फिल्म कुछ-कुछ होता है और ओम शांति ओम में गेस्ट रोल किया था। शाहरुख ने सलमान की फिल्म ट्यूब लाइट व हर दिल जो प्यार करेगा में गेस्ट अपीयरेंस दी थी। मशहूर फिल्म करन-अर्जुन में इस जोड़ी ने खूब धमाल मचाया था।















