निगम ने नूरनगर में 10 करोड़ रुपए की 1640 वर्ग मीटर जमीन कराई कब्जामुक्त

गाजियाबाद। नगर निगम की सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में नगर निगम का संपत्ति विभाग लगातार अभियान चलाकर कब्जा की गई सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई कर रहा है। वहीं, महापौर सुनीता दयाल का कहना है कि नगर निगम की सरकारी एक इंच भूमि भी कब्जा नहीं करने दी जाएगी। सोमवार को नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने प्रवर्तन दस्ते और पुलिस टीम के साथ निगम के सिटी जोन क्षेत्र अंतर्गत गांव नूरनगर के खसरा संख्या-305 की 1640 वर्ग मीटर जमीन को बुलडोजर चलाकर कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। कब्जा मुक्त कराई गई इस जमीन की वर्तमान में करीब 10 करोड़ रुपए कीमत हैं।

निर्माण विभाग द्वारा इस पर जल्द ही बाउंड्रीवाल कराई जाएगी। ताकि दोबारा से जमीन पर कब्जा न हो सकें। महापौर एवं नगर आयुक्त लगातार सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जा रही है। निगम की भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने उक्त जमीन पर जल्द बाउंड्रीवाल कराने के लिए निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं। नगर निगम के संपत्ति विभाग की टीम द्वारा वृहद स्तर पर पांचों जोन क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार कार्रवाई करते हुए निगम की जमीनों को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।