आईटीएस डेंटल कॉलेज की मेधावी छात्रा संचिता तिवारी को तीरंदाजी प्रतियोगिता में मिला स्वर्ण पदक

गाजियाबाद। उभरती हुयी तीरंदाज और आईटीएस डेंटल कॉलेज मुरादनगर की एक अत्यंत प्रतिभाशाली बीडीएस पाठ्यक्रम की तृतीय वर्ष की छात्रा संचिता तिवारी को दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा दिल्ली ओलिंपिक गेम्स-2024 में 12 फरवरी को यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, दिल्ली में आयोजित हुई मिक्स टीम स्पर्धा तीरंदाजी श्रेणी प्रतियोगिता में उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। संचिता तिवारी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपना एवं कॉलेज का नाम रौशन किया।  संचिता को 13 फरवरी मंगलवार को तालकटोरा इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरदीप सिंह पुरी, मिनिस्टर फॉर हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स एंड पैट्रोलियम एंड नेचुरल गैस, जीओआई द्वारा स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।

इस प्रतियोगिता की तीरंदाजी श्रेणी में दिल्ली राज्य में विभिन्न प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर संचिता ने आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन, डॉ आरपी चड्ढा के प्रोत्साहन की सराहना करते हुए कहा कि डॉ आरपी चड्ढा ने हमेशा से मुझे बीडीएस की पढ़ाई के साथ-साथ तीरंदाजी प्रतियोगिताओं के लिये निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है और वह हमेशा मुझे खेल के लिए अपना पूर्ण सहयोग देते है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आईटीएस परिवार के निरंतर समर्थन और सहयोग से में एक दिन भविष्य में ओलंपिक खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक लाउंगी। आईटीएस परिवार के लिए यह गौरव की बात है कि संचिता तिवारी जैसी सम्मानित छात्रा ने आईटीएस के बीडीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया। इस गौरवान्वित उपलब्धि के लिए आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन, डॉ आरपी चड्ढा एवं वाईस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा एवं संस्थान के डायरेक्टर-प्रिंसिपल, डॉ देवी चरण शेट्टी ने संचिता तिवारी को अपनी शुभकामनाएं दी और छात्रा के उज्जवल भविष्य की कामना की।