गाजियाबाद। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ओपी यादव एवं प्रथम संस्था की टीम द्वारा शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर प्रथम का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि टीम द्वारा विद्यालय की समस्त व्यवस्थाओं के साथ-साथ कक्षा चार व पांच के लिए चलाए जा रहे आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान कार्यक्रम की समीक्षा की गई। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बाइसवें सप्ताह के पंचम दिवस की गतिविधियों का आकलन टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम अनुसार विभिन्न प्रकार के प्रश्नों द्वारा बच्चों के शैक्षिक स्तर को जांचा गया। टीम एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा बच्चों के शैक्षिक स्तर एवं विद्यालय की समस्त व्यवस्थाओं की भूरि भूरि प्रशंसा की गई। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय के बच्चों द्वारा तैयार किए गए स्वच्छता स्लोगन के बैग एवं विद्यालय की पत्रिका मेधा भी भेंट की गई।

















