होलिका दहन: सड़क पर न जलाएं होली, निगम ने 242 स्थानों पर डलवाई मिट्टी

-होली पर्व पर निगम ने किए विशेष प्रबंध, शहर वासियों से स्वच्छता की अपील

गाजियाबाद। होलिका दहन करें… रंगों की बौछार करें और खूब होली खेलें। होली हमारी संस्कृति और परंपरा है, लेकिन ध्यान जरूर रहे कि इससे किसी प्रकार की क्षति न हो। हमारा परितंत्र प्रभावित न हो, क्योंकि हमें इसके साथ रहना है। अगर क्षणिक उत्साह में परितंत्र को को नुकसान पहुंचता है तो इसका प्रभाव लंबे समय तक हम पर ही पड़ेगा। सड़कों पर होलिका दहन से ये कमजोर होंगी। कंक्रीट या तारकोल में गर्मी बढ़ने से सड़कों पर दरारें पड़ जाएंगी। जिसके लिए नगर निगम द्वारा होली से पूर्व शहर में होलिका दहन के लिए 242 स्थानों मिट्टी डलवाई गई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में निर्माण विभाग की टीम ने त्योहार से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया है। सड़क पर सीधा होलिका दहन ना हो इसके लिए शहर वासियों को संदेश भी दिया गया है। साथ ही जलकल विभाग द्वारा भी होली के दिन जल आपूर्ति की समय सीमा बढ़ाने के लिए टीम को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की योजना बनाई और होलिका दहन के उपरांत वेस्टीज को उठाने के लिए टीम को कहा गया। मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया शहर के प्रमुख चौराहा के साथ-साथ आंतरिक गलियों के प्रमुख स्थानों पर होलिका दहन के लिए मिट्टी डलवाई गई है। लगभग 242 स्थान पर मिट्टी डलवाई गई और व्यवस्थित किया गया है। साथ ही होलिका दहन सफलतापूर्वक हो इसके लिए आरडब्ल्यूए पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों से भी समन्वय किया गया है। नगर निगम के अन्य विभाग भी इसी क्रम में त्योहारों पर विशेष व्यवस्था कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने शहर वासियों से स्वच्छता की अपील भी की गई।

जिसमें शहर वासियों से सीधा सड़क पर होलिका दहन न करने, शहर की स्वच्छता में सहयोग करने, जल की बर्बादी ना हो इसका विशेष ध्यान रखने के लिए भी अपील की गई। महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त द्वारा शहर वासियों को होली की शुभकामनाओं के साथ-साथ स्वच्छ होली बनाने के लिए भी अपील की गई है। होलिका में ऐसा कोई सामान न रखें, जिसकी लपट बहुत ऊपर तक जाए या देर तक जले। टायर-ट्यूब देर तक जलते हैं, इनसे वायु प्रदूषण के साथ आग लगने की भी आशंका बनी रहती है। नगर आयुक्त द्वारा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार को शहर में होली के उपरांत विशेष सफाई अभियान के रूप में कार्य करने के लिए निर्देश दिए गए।