नगर निगम की टीम ने सड़क पर बने रैंप और दो स्कूलों की ध्वस्त की दीवार

गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के भूड़ भारत नगर में सड़क पर बने रैंप व दो स्कूलों की दीवार को नगर निगम की टीम ने बुधवार को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। नगर निगम के निर्माण विभाग ने निगम प्रवर्तन दल की टीम के साथ भूड़ भारत नगर में गली में कई लोगों ने नाली पर डाले रैंप,शौचालय और दो स्कूलों की दीवार सड़क से सटाकर बना ली थी। इस वजह से सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था।

बुधवार को नगर निगम प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने निर्माण विभाग की टीम के साथ जेसीबी मशीन चलाकर अतिक्रमण को हटाया गया। विजयनगर क्षेत्र के वार्ड-26 स्थित भूड़ भारत नगर में नगर निगम को सड़क का निर्माण करना है। निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया कि भूड़ भारत नगर में सड़क पर अतिक्रमण किए जाने और शौचालय, दीवार बनाए जाने की वजह से सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

अतिक्रमण हटाने के बाद अब सड़क का निर्माण कराया जाएगा। भूड़ भारत नगर में निर्माण विभाग द्वारा दो माह से सड़क बनाने की तैयारी की जा रही है। मगर कुछ लोगों ने सड़क से सटाकर रैंप,शौचालय बना लिए। दो स्कूलों की दीवार भी सड़क से सटाकर बनाई। इस कारण सड़क बनाने का काम शुरू नहीं हो पा रहा था। निर्माण विभाग ने लोगों से अतिक्रमण हटाने की अपील भी की। इसके बावजूद लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। बुधवार को नगर निगम के निर्माण विभाग की टीम प्रवर्तन दल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने जेसीबी मशीन चलाकर पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का विरोध करने वाले लोगोंं को सख्ती दिखाते हुए उन्हें शांत किया।