-जीडीए किसानों से वार्ता कर समस्याओं का करेगा निस्तारण
-जीडीए सचिव ने मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना का मौके पर किया निरीक्षण
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महत्वाकांक्षी मधुबन-बापूधाम में निर्माण की जाने वाली 45 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण में आ रही बाधा को जल्द ही दूर होगी। जिसके लिए जीडीए किसानों से वार्ता करेगा। वहीं, जीडीए ऑफिस की बिल्डिंग निर्माण में भी तेजी आएगी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर बुधवार को जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना का मौके पर जाकर अभियंत्रण और भूमि-अर्जन विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जीडीए अभियंत्रण जोन-3 के सहायक अभियंता निशांत कुमार, अवर अभियंता सुधीर पांडेय, भूमि-अर्जन विभाग के कर्मचारी आदि भी उपस्थित रहे। योजना के सेक्टर ए और बी का निरीक्षण किया। सेक्टर-ए में एक विवादित खसरा है, जबकि सेक्टर बी में कोई खसरे में लिटिगेशन नहीं है।
अभियंतत्रण विभाग के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि वह तेजी से यहां पर विकास कार्य कराएं। सड़कों का निर्माण व सीवर लाइन डालने के अलावा पेयजल की सुविधा और विद्युतीकरण के कई कार्य पूरे हो गए हैं। जीडीए सचिव ने बताया कि मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के डिस्ट्रिक सेंटर जो व्यावसायिक भूखंड है। यह छोटे भूखंड हैं। इनका आवंटन पूर्व में आवंटियों को किया जा चुका हैं। जिन आवंटियों ने अपनी पूरी धनराशि जमा करा दी है। वह जीडीए में पंजीकरण के लिए अपना आवेदन जमा करें।आवेदन पत्र के साथ जो धनराशि जमा की है,उसका साक्ष्य भी सबमिट कर दें। उन्होंने बताया कि प्रयास है कि 4 मई शनिवार से पंजीकरण रजिस्ट्री का कार्य शुरू करा दिया जाए। बता दें कि जीडीए उपाध्यक्ष का पूरा फोकस अब मधुबन-बापूधाम योजना को पूर्ण रूप से विकसित करने पर हैं। इसके लिए वह जल्द ही मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माण कार्यों से लेकर 45 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण में आ रही बाधा व किसानों से वार्ता करने से लेकर सभी समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे।
जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना का साइट प्लान देखा गया। मौके पर जीडीए कार्यालय की बिल्डिंग का जारी निर्माण कार्य को मौके पर निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि मधुबन-बापूधाम योजना में 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इस सड़क के निर्माण को किसान पूरा नहीं होने दे रहे है। किसानों से भी इसके लिए जल्द वार्ता की जाएगी। जीडीए सचिव ने योजना के पॉकेट ए का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर पाया कि नाली का निर्माण पूरा हो चुका है। सीवर लाइन डाली गई हैं। बाकी निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए मौके पर इंजीनियरों को निर्देश दिए गए।
















