जिलाधिकारी ने सुनी जनशिकायतें, मौके पर किया कई शिकायतों का निस्तारण
गाजियाबाद। आमजन की समस्याएं एवं शिकायतों का निस्तारण करने के लिए जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने अपने कार्यालय के द्वार खुले कर दिए है। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में सुबह 10 बजे से जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने सीडीओ अभिनव गोपाल,एडीएम एलए शैलेंद्र कुमार भाटिया की मौजूदगी में अपनी शिकायत लेकर आए लोगों की शिकायतों को सुनने के बाद इनमें से कई का मौके पर निस्तारण किया। कार्यालय के बाहर लाइन में लगे पीड़ितों की समस्याएं सुनते हुए लाइन में खड़े अंतिम व्यक्ति की शिकायत को भी ध्यानपूर्वक सुना। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण एवं समय से निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी को एक किसान ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा नक्शे से विपरीत उनके खेत पर सड़क बनाई जा रही है। जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता से इस पर वार्ता की तो बताया कि सुविधा के अनुरूप उनके खेत पर सिर्फ रोड़ी रखी गई हैं। सड़क नक्शे के अनुरूप ही बनाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को आदेश दिए कि तत्काल प्रभाव से खेत से रोड़ी हटाई जाए। इस पर जिलाधिकारी को किसान ने धन्यवाद किया। वहीं,एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका किराएदार उसके मकान पर फर्जी बिजली मीटर लगवाने की कोशिश कर रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने शिकायती पत्र को एसडीओ को मार्क करते हुए भेजा। इनके अलावा जिलाधिकारी से घरेलू, जमीन के मामले,आरटीई के तहत स्कूलों में दाखिला नहीं लेने सहित अन्य कई प्रकरणों से अवगत कराया। इस पर उन्होंने मौके पर कई शिकायतों का निस्तारण किया। सोमवार को सप्ताह के पहले दिन जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर सुबह 10 बजे से ही लोगों का तांता लग गया। जिलाधिकारी ने पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक की शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनी और शिकायत का तत्काल निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारी को आदेश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समय अंतराल में निस्तारण किया जाए।
















