शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे अवैध विज्ञापन के विरुद्ध निगम ने की कार्रवाई तेज

-शहर की स्वच्छता और सुंदरता बरकरार रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। शहर में अवैध विज्ञापन के खिलाफ नगर निगम ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। रोस्टर के अनुसार जोनवार अभियान चलाकर सड़कों पर लगे अवैध विज्ञापन के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के विज्ञापन विभाग द्वारा  अवैध रूप से लगे हुए बैनर, होर्डिंग हटाने का अभियान चल रहा है। रोस्टर के क्रम में सप्ताह में एक बार हर जोन में कार्यवाही अवैध विज्ञापन को हटाने के लिए हो रही है। जिसमें जोनल प्रभारी भी विशेष भूमिका निभा रहे हैं।
विज्ञापन प्रभारी पल्लवी सिंह ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार अवैध विज्ञापन को हटाया जा रहा है। यह प्रक्रिया निरंतर चल रही है। शहर की सुंदरता को अवैध रूप से लगे हुए विज्ञापन छिन्न भिन्न कर रहे है। व्यापारियों से भी लगातार सहयोग करने की अपील की जा रही है और जन-जन को शहर की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा विशेष रूप से बिजली के खम्बो, ट्रांसफॉर्म का जाल, चौराहों पर लगी हुई ग्रिल, सेंट्रल वजऱ् पर लगे हुए डिवाइडर, व अन्य सार्वजनिक सरकारी संपत्तियों पर लगे हुए अवैध होर्डिंग बोर्ड को हटाया जा रहा है। इस प्रकार के अवैध विज्ञापन शहर की व्यवस्था को खराब करते हैं। इस प्रकार का विज्ञापन न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को भंग करता है। बल्कि शहर की सुंदरता पर भी कुप्रभाव छोड़ रहा है। संबंधित विभाग लगातार कार्यवाही करते हुए जन-जन को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहा है। तथा इधर-उधर कहीं भी बढ़े हुए होर्डिंग बैनर को भी हटा रहा है। नगर आयुक्त द्वारा शहर वासियों से विशेष रूप से व्यापारी वर्ग से शहर की सुंदरता एवं स्वच्छता को बनाए रखने की अपील भी की गई है।

जिसमें अपने व्यापार के विज्ञापन को सही क्रम में करने के लिए अपील की गई है। शहर में कहीं भी अपने व्यापार का प्रचार प्रसार करने हेतु गलत तरीके से बैनर पोस्टर होर्डिंग को लगाना गलत है। इस प्रकार न केवल कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। साथ ही शहर की सुंदरता की प्रति खिलवाड़ भी हो रहा है, जिसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करते हुए नगर निगम अभियान चला रहा है। शहर वासियों से व्यापारी वर्ग से स्वच्छता में सहयोग करने के लिए अपील की गई है।