मकान देखने के बहाने की थी बुजुर्ग की हत्या पुलिस मुठभेड़ में पति व पत्नी गिरफ्तार

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के अकबरपुर-बहरामपुर में मकान देखने के लिए बहाने बीते 17 मई को बुजुर्ग 55 वर्षीय श्यामदत्त की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति व पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। श्यामदत्त की हत्या लूट का विरोध करने पर मेड का काम करने वाली शिवानी व उसके पति गुरमीत सागर व बहन ने पूरी योजना बनाकर की थी। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीसीपी ग्रामीण विवेक चंद यादव ने खुलासा करते हुए बताया कि क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी निरीक्षक रवि बालियान ने टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर तिगरी गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रहे थे। वहां पर एक स्कूटी सवार युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा।

वायरलैस सेट पर पुलिस को सूचना दी गई। इस पर पुलिस ने उसे घेर लिया। अपने को घिरता देख वह पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस टीम ने जवाबी गोली चलाई। जिससे उसके पैर में गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल अवस्था में जल निगम प्लांट अंडर पास से गुरमीत सागर सिंह पुत्र तिलकराज निवासी कोर्ट मोड़ बजाज एजेंसी फरीदाबाद हरियाणा और उसकी पत्नी शिवानी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जबकि गुरमीत की बहन अन्न फरार है। पुलिस ने घायल गुरमीत व शिवानी के पास से लूट के 3400 रुपए, तमंचा, कारतूस, स्कूटी व आला कत्ल बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में गुरमीत ने बताया उसे पत्नी शिवानी ने बताया था कि श्यामदत्त के पास हर समय मोटी रकम व सोने के जेवरात रहते हैं। वह पैसे वे जेवरात को तिजोरी में रखता है। इसका पता चलते ही उसने शिवानी व बहन अन्नू के साथ मिलकर श्यामदत्त के यहां लूट की योजना बनाई थी।

वारदात वाले दिन और उससे पहले रैकी की थी। घटना वाले दिन तीनों श्यामदत्त के यहां मकान देखने के लिए पहुंचे। मकान पर पहुंचने के बाद शिवानी को श्यामदत्त की पत्नी हेमलता के साथ एक साजिश के तहत किराए का कमरा देने भेज दिया। उसके बाद उसने अन्नू के साथ मिलकर लूट करनी शुरू कर दी। लूट का विरोध होने पर उन्होंने श्यामदत्त की हत्या कर दी। हत्या के बाद वो दोनों उसकी तिजोरी को तो नहीं खोल पाए। उसकी जेब में रखे 8 हजार रुपए लेकर मौके से भाग गए। घटना में शामिल अन्नू फरार है, जिसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीसीपी ग्रामीण ने बताया कि गुरमीत सागर पुत्र तिलकराज गौतमबुद्धनगर जनपद में लूट, चोरी, असलाह के तीन मुकदमे व क्रॉसिंग रिपब्लिक में दो मुकदमे दर्ज हैं।