जीडीए जुलाई में लगाएगा 21 हजार फलदार पौधे

गाजियाबाद। पर्यावरण को शुद्ध रखने का सबसे अच्छा माध्यम पौधे होते हैं। जिस क्षेत्र में जिनकी अधिक हरियाली होती है वहां की हवा शुद्ध व तापमान अच्छा होता है। गाजियाबाद की पहचान भी हरित क्षेत्र के रूप में होती है। वन महोत्सव में अधिक से अधिक पौधे लगा शहर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए विभागों ने अपने-अपने स्तर से तैयारी शुरू कर दी है। मानसून के दौरान गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) जुलाई माह में फलदार 21 हजार पौधे रोपित करेगा। वैसे जीडीए का इस मानसून सत्र में करीब 1.10 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य हैं। जीडीए के उद्यान अनुभाग ने 21 हजार फलदार पौधे रोपित करने के लिए प्लानिंग शुरू कर दी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशन में यह पौधे जीडीए की मधुबन-बापूधाम योजना में रोपित किए जाएंगे। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि फलदार पौधे रोपित करने की योजना बना ली गई है।

जुलाई माह में मानसून के दौरान यह 21 हजार फलदार पौधे रोपित किए जाएंगे। यह पौधे मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के अलावा सरकारी आवास यानि कि जीडीए उपाध्यक्ष, सचिव आवास एवं जीडीए ऑफिसर्स कॉलोनी नेहरू नगर व जीडीए कार्यालय में भी रोपित किए जाएंगे। जीडीए सचिव ने बताया कि मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में गोल चक्कर के पास मधु एवं वन के रूप में यह पौधे रोपित किए जाएंगे। घने पौधे रोपित करने के लिए गोल चक्कर के बाहरी क्षेत्र में 100 फलदार पौधे लगाए जाएंगे। वहीं, 51 कटहल के पौधे लगाए जाएंगे। इसके गर्भ में वट वृक्ष लगाया जाएगा। वट सावित्री के नाम से पौधे को सचिव खुद गोद लेंगे।

कल्प वृक्ष के रूप में रघुपति जाति के नाम से पौधा लगाया जाएगा। इसमें जीडीए आमजन का भी सहयोग लेगा। इसके अलावा जीडीए के कर्मचारियों की अकाल निधन होने पर उनके नाम से उनके परिजनों से पौधे लगाए जाएंगे। जीडीए सचिव ने बताया कि इन फलदार पौधों में आम, अमरूद, आंवला, कटहल, शहतूत, शरीफा, बेर, आडू, सहजन के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पार्कों में भी फलदार के साथ ऊंचाई के पौधे रोपित किए जाएंगे। घनीभूत यानि घना ग्रीन हरा भरा मधुबन-बापूधाम योजना को बनाया जाएगा। जुलाई और अगस्त में यह पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए जीडीए के उद्यान अनुभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।