झाडिय़ों में छिपा रखी 45 लीटर अवैध कच्ची शराब को जब्त कर 400 किलोग्राम लहन को किया नष्ट
गाजियाबाद। हिंडन खादर क्षेत्र में एक बार फिर से अवैध शराब की भट्ठियां धधक रही है। भूपखेड़ी, सीती से लेकर भनेडा, जावली क्षेत्र तक शराब का अवैध धंधा फलफूल रहा है। हिंडन खादर में सैकड़ों कच्ची शराब बनाने की भट्टियां फिर शुरू हो गई है। जमीनी स्तर पर कार्रवाई होने के बाद भी शराब तस्करों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। खादर क्षेत्र अवैध व कच्ची शराब का गढ़ माने जाते हैं। खादर क्षेत्र में पानी का स्तर नीचे जाते ही शराब माफिया धंधा कम कर देते हैं। सूत्रों की माने तो दर्जनों भट्ठियां खादर में लग चुकी है। जिसमें से जहरीली शराब निकालनी शुरू हो गई है। वहीं पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने भी शुरू हो गए हैं। हिंडन खादर क्षेत्र में फैले अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन रात छापेमारी एवं दबिश दे रही है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद शराब माफिया फिर से अवैध शराब का कारोबार शुरु कर देते है। हिंडन खादर क्षेत्र में होने वाले अवैध शराब के निर्माण पर शिकंजा कसने के लिए जिला आबकारी अधिकारी ने ठोस रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। जिसके लिए अब आबकारी विभाग की टीम और उनका मुखबिर तंत्र दिन-रात पहरा देगा। अब जैसे ही शराब माफिया अपने धंधे को शुरू करने का प्रयास करेंगे, इधर टीम धावा बोलकर सलाखों के पीछे भेजने का काम करेगी।
अभी तक जब भी आबकारी विभाग की टीम कार्रवाई करने के लिए पहुंचती है तो उससे पहले माफिया मौके से फरार हो जाते है। साथ ही अवैध शराब से भरे ड्रम को आबकारी विभाग की नजर से बचाने के लिए कभी हिंडन किनारे पानी में और कभी जंगलों के बीच में झाडिय़ों गड्ढा खोदर कर छिपा देते है। मगर लहन की महक हर बार उनकी पोल खोल देती है। एक बार फिर से आबकारी विभाग की टीम ने शराब माफिया के गढ़ में सेंध लगाते हुए शराब से भरे ड्रमों को जब्त करते हुए भट्टी को नष्ट कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार छापेमारी एवं दबिश दे रही है। बुधवार देर शाम को आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम द्वारा थाना लोनी के अन्तर्गत भूपखेड़ी, सीती एवं थाना टीला मोड़ अंतर्गत भनेडा, जावली आदि हिंडन खादर क्षेत्रों में दबिश दी गई।
दबिश के दौरान लगभग 45 लीटर अवैध कच्ची शराब और करीब 400 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेकर लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत 2 अभियोग पंजीकृत किया गया। उन्होंने बताया हिंडन खादर क्षेत्र में होने वाले अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी निरीक्षक एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए है। साथ ही ग्रामीणों को भी अवैध शराब के खिलाफ जागरूक करते हुए उनके आसपास होने वाले अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की जानकारी मांगी जा रही है। जिससे देहात क्षेत्र को अवैध शराब के कब्जे से पूरी तरह से मुक्त किया जा सकेंं।
ऑन डिमांड शराब की करता था तस्करी, गिरफ्तार
जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने एक ऐसे शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जो एनसीआर क्षेत्र में ऑन डिमांड शराब की सप्लाई देता था। क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से दिन में ही शराब खरीद कर एकत्रित कर लेता था और रात होने पर उसी शराब को फोन पर ऑर्डर मिलते ही अपने दुपहिया वाहन से शराब लेकर पहुंच जाता था। पकड़ा गया तस्कर प्रति बोतल पर 50 से 100 रुपये अतिरिक्त दाम वसूलता था। रात में इधर लाइसेंसी शराब की दुकान बंद हो जाती थी और उधर तस्कर अपनी अवैध दुकान को खोल लेता था। पुलिस व आबकारी विभाग की टीम से बचने के लिए जगह बदल-बदल कर शराब तस्करी करता था। साथ ही फोन पर अपने ग्राहकों की एक लिस्ट भी बना रखी थी। जिन्हें फोन कर ऑर्डर लेता और बताए स्थान पर पहुंच कर शराब पहुंचाता था। जैसे ही इसकी खबर आबकारी विभाग को लगी तो उसकी सोच से दस कदम आगे बढ़ कर उसे मात दे दी। रात में आबकारी विभाग के मुखबिर तंत्र से शराब की डिमांड की, जैसे ही वह शराब लेकर पहुंचा तो आबकारी विभाग की टीम ने दबोच लिया।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया बुधवार रात को आबकारी निरीक्षक हिम्मत सिंह एवं इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने आदित्य मेघा सिटी रोड पर लाला चाट के पास से शराब तस्कर राजेन्द्र कुमार साहू पुत्र प्यारे लाल साहू निवासी न्याय खण्ड-2 काला पत्थर रोड इंदिरापुरम को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 1 बोतल ब्लेंडर प्राइड, 2 बोतल इम्पीरियल ब्लू, 1 बोतल रॉयल स्टैग बैरल, 1 बोतल बकार्डी लेमन, 2 अध्धे ब्लेंडर प्राइड, 2 अध्धे ओल्ड मंक अम्बर एवं 6 कैन बियर और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद किया गया। जिसके खिलाफ थाना इंदिरापुरम में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।
पकड़ा गया तस्कर इंदिरापुरम क्षेत्र मेें ऑन डिमांड शराब तस्करी करता था। कुछ दिन पूर्व मुखबिर से सूचना मिली की इंदिरापुरम क्षेत्र में एक व्यक्ति रात में शराब तस्करी कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम गठित की गई और रात में मुखबिर द्वारा तस्कर से शराब की डिमांड की गई। जैसे ही तस्कर शराब देने के लिए पहुंचा, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तस्कर क्षेत्र में लाइसेंसी शराब की दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में शराब तस्करी करता था। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


















