गाजियाबाद। इंदिरापुरम कॉलोनी में बंद पड़े नाले एवं सीवर लाइनों की सफाई का काम गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुरु करा दिया है। मानसून से पहले इंदिरापुरम कॉलोनी के सभी नाले-नालियों व सीवर की सफाई का काम तेजी के साथ शुरु हो गया है। जिससे मानसून के दौरान होने वाले जलभराव की स्थिति से निपटा जा सकें। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने मानसून से पहले इंदिरापुरम कॉलोनी के सभी नाले-नालियों व सीवर की सफाई कराने के निर्देश दिए है।
जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर शनिवार को जीडीए अभियंत्रण जोन-6 के सहायक अभियंता पीयूष सिंह ने टीम के साथ इंदिरापुरम योजना के नालों एवं सीवर सफाई का काम कराया। इसमें मुख्यत: वैभव खंड के नजदीक बंद पड़े नाले की सफाई कराकर नाले में पानी की निकासी शुरू कराई गई। सहायक अभियंता ने बताया कि इसके अलावा अन्य स्थलों पर भी नाले एवं सीवर की सफाई का कार्य कराया गया। साया गोल्ड अपार्टमेंट के पास सीवर लाइन का भी निरीक्षण किया गया।
सीवर लाइन ओवरलोड होने के कारण बार-बार सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या आ रही थी। इससे सड़कों पर गंदा पानी फैल रहा था। इसके लिए अगले सप्ताह में करीब 150 मीटर नई सीवर लाइन बिछाने का काम जीडीए द्वारा शुरू किया जाएगा। नई सीवर लाइन डलने से सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोगों को निजात मिल सकेगी।
















