जीडीए ओएसडी ने अवैध निर्माण स्थलों पर लगवाया चेतावनी बोर्ड

-अवैध निर्माण पर रोक लगाने और उस पर सतत् नजर रखने के लिए किया निरीक्षण
-सुधर जाए कॉलोनाइजर्स, नहीं तो होगी कार्रवाई: कनिका कौशिक

गाजियाबाद। अवैध कॉलोनियों के साथ नक्शे के विपरीत किए गए हर निर्माण पर अब जीडीए का बुलडोजर चलेगा। नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण पर नजर रखने के लिए जीडीए ने कार्रवाई तेज कर दी है। अवैध निर्माण पर रोक लगाने और उस पर सतत नजर रखने के लिए जोन प्रभारी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार नजर बनाए हुए है। जिससे अवैध निर्माण के कार्यों को समय रहते ही रोका जा सके और कार्रवाई की जा सकें। ओएसडी कनिका कौशिक द्वारा प्रवर्तन-1 व 2 में अवैध निर्माण को लेकर क्षेत्र में निरीक्षण किया और ग्राम-मोरटा व मोरटी के विभिन्न खसरों में अवैध रूप से निर्मित की जा रही कॉलोनियों में निर्माण कार्यों को मौके पर बंद पाया। आमजन को जागरूक एवं सचेत करने के उद्देश्य से अवैध निर्माण स्थलों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया।

जिसमें लिखा गया कि कोई भी नागरिक अपने प्लाट खरीदते समय उसकी जानकारी विकास प्राधिकरण कार्यालय से प्राप्त कर ले कि कॉलोनी वैध है अथवा अवैध है। इन कॉलोनियों में भूखण्ड/भवन क्रय-विक्रय न करें एवं उक्त कॉलोनियां पूर्ण रूप से अवैध हैं और इनमें विकसित सड़क, पार्क, भवन आदि का जीडीए द्वारा विशेष अभियान चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जायेगी। साथ ही कॉलोनाइजर्स को निर्देशित किया कि स्थल पर कोई अवैध निर्माण न होने पाये। निर्माणकर्ताओं/विकासकर्ताओं को निर्देशित किया जाता है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाये। प्राधिकरण द्वारा लगातार अवैध निर्माण के विरूद्ध कार्यवाही जारी रहेगी।

जीडीए ओएसडी कनिका कौशिक ने बताया जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध निर्माण पर रोक लगाने और उस पर सतत नजर रखने के लिए निरीक्षण भी किया जा रहा है। इसके साथ ही सील की गई बिल्डिंगों पर जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी। जीडीए ओएसडी ने लोगों से अपील की है कि प्लॉट खरीदते समय कागजात की जांच पड़ताल जरूर कर लें। मानचित्र पास है या नहीं, मानचित्र पास नहीं है तो ऐसी जगह प्लॉट न खरीदें। नक्शा पास कराए बिना निर्माण होगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।