वार्ड-10 पार्षद रेखा गोस्वामी के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। जिसमें उनके पति वरिष्ठ भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी, बेटे कुशाग्र गोस्वमी का नाम लेकर धमकी भरे शब्द कहें गए।
गाजियाबाद। वार्ड-10 भाजपा पार्षद रेखा गोस्वामी को अनजान नंबर से धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पार्षद ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। वार्ड-10 पार्षद रेखा गोस्वामी ने बताया रविवार सुबह वह अपने परिवार के साथ घर पर थी। तभी सुबह करीब 11.46 पर उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। जिसमें उनके पति वरिष्ठ भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी, बेटे कुशाग्र गोस्वमी का नाम लेकर धमकी भरे शब्द कहें गए। साथ ही अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। जब तक वह कुछ बोलती, तब तक फोन काट दिया गया। धमकी भरे अनजान नंबर से आए फोन के बाद से परिवार डरा व सहमा हुआ है। वरिष्ठ भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भी है। भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी ने घटना की शिकायत थाना शालीमार गार्डन में देते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि पूर्व में जब मानसिंह गोस्वामी गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष की कमान संभाल रहे थे, उस दौरान भी उनको विदेशी नंबर से धमकी भरे फोन और मुरादनगर पाइपलाइन मार्ग पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद अब फोन करने वाले व्यक्ति द्वारा मानसिंह गोस्वामी और उनके बेटे को धमकी देने के मामले में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने भी संज्ञान लिया है। थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार ने बताया कि शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नंबर की सीडीआर निकाली जा रही है। जल्द ही नंबर को ट्रेस कर घटना का भी खुलासा किया जाएगा।















